Uttar Pradesh Aaj Ki Taja Khabar: विधानसभा का बजट सत्र, सीतापुर में CM योगी का आगमन, 9 फरवरी को क्या खास?
Uttar Pradesh Big Breaking: नमस्कार, आप पढ़ रहे हैं उत्तर प्रदेश का सबसे भरोसेमंद न्यूज बुलेटिन। आज 9 फरवरी 2026 की उन तमाम बड़ी खबरों का वक्त हो चला है, जिनका सीधा असर आप पर पड़ता है। तो चलिए, एक नजर डालते हैं उन खबरों पर जो आज दिन भर चर्चा का केंद्र रहने वाली हैं।
आज से शुरू हो रहा यूपी बजट सत्र
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सेशन आज यानी 9 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, जिसकी तैयारियों को आज अंतिम रूप दिया जाएगा। आज सेशन की शुरुआत से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष की महत्वपूर्ण बैठकें होने की संभावना है।

योगी सरकार इस बार करीब 9 लाख करोड़ रुपये का विशाल बजट पेश करने जा रही है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 25% और शिक्षा के लिए 15% आवंटन का अनुमान है। इस बजट का मुख्य फोकस सड़क, पुल, युवाओं के रोजगार और किसानों की खुशहाली पर रहेगा।
अभेद्य किले में तब्दील विधान भवन
आज से शुरू होने वाले सेशन को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। पूरे इलाके को 4 जोन और 10 सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा के लिए 3 एटीएस (ATS) कमांडो टीमें, पीएसी की 6 कंपनियां और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विधायकों की सुविधा व सुरक्षा का पूरा संतुलन बनाया रखा जाएगा।
सीतापुर में सीएम योगी का आगमन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज, 9 फरवरी को सीतापुर के तमोधाम आश्रम में गुरु गोरखनाथ की मूर्ति का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आज प्रशासन अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। आईजी लखनऊ जोन ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम के दौरान जिले में नो फ्लाई जोन लागू रहेगा और चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी और ड्रोन से नजर रखी जाएगी।
UP में आज कैसा रहेगा मौसम
यूपी के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोहरे का दौर अब अपने अंतिम चरण में है। आज, 9 फरवरी से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। तेज पछुआ हवाओं की रफ्तार थमने से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को गलन से बड़ी राहत मिलेगी और दिन में अच्छी धूप निकलने की संभावना है।
कानपुर में आज 1200 श्रमिकों का होगा फाइनल टेस्ट
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए इजराइल के कंस्ट्रक्शन सेक्टर में नौकरी पाने का सुनहरा मौका आज से शुरू हो रहा है। कानपुर के यदुपति सिंघानिया संस्थान में आज से 1200 चयनित अभ्यर्थियों का फाइनल प्रोफेशनल टेस्ट शुरू होगा। यह भर्ती अभियान 17 फरवरी तक चलेगा, जिससे प्रदेश के कुशल श्रमिकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications