UP Weather Update: मौसम ने फिर खेला खेल! तेज धूप के बाद अचानक बदला मौसम, जानिए आगे क्या होगा
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मंगलवार को तेज धूप ने लोगों को परेशान किया, लेकिन बुधवार को बादलों ने आसमान पर कब्जा जमा लिया। कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली और तापमान में कमी आई।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। पूर्वांचल के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि फसलों पर इसका असर पड़ सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों में सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही में तेज बारिश हो सकती है। वाराणसी, आजमगढ़ और बलिया में बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। बुधवार शाम को वाराणसी, गाजीपुर, मऊ और चंदौली में हल्की बूंदाबांदी देखी गई।
हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने के आसार हैं। दक्षिणी और पूर्वी यूपी में आंधी-तूफान की भी आशंका जाहिर की गई है। ऐसे में मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
फसलों पर खतरा, किसान परेशान
लगातार बदलते मौसम से गेहूं, चना और सरसों की फसलों को नुकसान हो सकता है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, गेहूं की कटाई का समय चल रहा है और बारिश से फसल भीगने का डर है। जिससे फसल नष्ट हो जाएगी।
बरसात और तेज हवा के चलते आम को भी नुकसान होगा। अगर तेज आंधी चली तो छोटे फल टूटकर गिर सकते हैं। वहीं किसानों को सलाह दी गई है कि वे बारिश से पहले गेहूं की फसल काट लें और सतर्क रहें।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती प्रभाव
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि महाराष्ट्र और मध्य भारत से आने वाले बादलों का असर यूपी में दिख रहा है। पश्चिमी हिमालय में एक नया विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो अप्रैल का पहला सिस्टम होगा। इससे मौसम में बदलाव जारी रहेगा।
देश में इस समय पांच से छह मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। इनमें से दो का प्रभाव यूपी पर पड़ रहा है। चक्रवाती परिसंचरण के कारण पूर्वी और मध्य यूपी में बारिश के आसार बने हुए हैं।
तापमान गिरा, मौसम बना सुहाना
बादलों की वजह से बुधवार को तापमान में कमी आई। वाराणसी में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन ठंडक बनी रहेगी।
हालांकि, इसके बाद तापमान फिर बढ़ सकता है। लोगों को मौसम के उतार-चढ़ाव के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई है। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications