UP में आज कहीं-कहीं हो सकती है भारी बारिश, 5 जुलाई तक जताई आकाशीय बिजली गिरने की आशंका
लखनऊ। उमस और भीषण गर्मी से प्रदेशवासियों को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक पूर्वी यूपी समेत प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। साथ ही 5 जुलाई तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रह सकता है। इस दौरान मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान जाहिर किया है। इससे पहले भी मौसम विभाग ने 30 जून के बाद मौसम बदलने की आशंका व्यक्त की थी।

30 जून के बाद बदलेगा मौसम
15 जून से मानसून आने के बाद लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में कभी तेज तो कभी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि मानसून प्रदेश के अधिकतर इलाकों तक पहुंच गया है और जल्द ही बाकी बचे हिस्सों में भी सक्रिय हो जाएगा। अभी तक के अनुमान के मुताबिक पिछल एक हफ्ते से जारी बारिश का सिलसिला 30 जून के बाद थोड़ा थमेगा। कहा, 30 जून से प्रदेश में मौसम फिर बदलेगा।

मौसम विभाग ने जताया 5 जुलाई तक का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में बारिश का सिलसिला अब 5 जुलाई तक जारी रह सकता है। 3 से लेकर 5 जुलाई तक इसका प्रभाव ओर बढ़ सकता है और ज्यादातर जगहों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का भी अंदेशा जाहिर किया गया है। हालांकि अभी विभाग ने इसके लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी खासकर बुंदेलखंड के इलाके में अगले दो तीन दिनों तक हल्की बारिश का ही अनुमान जताया है। 2 जुलाई तक इन इलाकों में हल्के गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

गोरखपुर में दर्ज की गई सबसे ज्यादा बारिश
रविवार 28 जून और सोमवार 29 जून को पूर्वी यूपी में मानसून सक्रिय रहा। इस दौरान पूर्वी अंचलों में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश हुई। जबकि पश्चिमी यूपी में कुछेक स्थानों पर हल्की से सामान्य बारिश हुई। इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक 10 सेण्टीमीटर बारिश गोरखपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा चित्रकूट के कर्वी और मऊ में 9-9, प्रयागराज में 8, बांदा के अतर्रा, प्रतापगढ़ के फतेहपुर व पट्टी में 7-7, जौनपुर में 6, वाराणसी, सिधौली, श्रावस्ती जिले के भिंगा, पीलीभीत के पूरनपुर में 5-5, फुर्सतगंज, बांदा के नरैली, झांसी के चिल्लाघाट, दुद्धी व मौदहा में 4-4 सेण्टीमीटर बारिश रिकॉर्ड की दर्ज की गई।












Click it and Unblock the Notifications