मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, अगले 24 घंटों में होगी यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, अगले 24 घंटों में होगी यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश
लखनऊ, 24 अगस्त: झमाझम बारिश की वजह से भीषण गर्मी झेल रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को थोड़ी राहत मिली है और मौसम भी सुहाना हो गया है। लेकिन उमस अभी भी बरकरार है। तो वहीं, अब मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में आज यानी मंगलवार को झमाझम बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने पूर्वांचल में 27 अगस्त तक कहीं सामान्य तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना भी जताई है।

इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौमस विभाग के जारी अलर्ट के मुताबिक, पीलीभीत, लखीमपुर, बहराइच, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, शाहजहांपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, संत कबीर नगर, अयोध्या, हरदोई, गोरखपुर, मऊ, महाराजगंज और बाराबंकी में आज बारिश हो सकती है। इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बिजली की गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। उधर, राजधानी लखनऊ और बुलंदशहर में सोमवार की शाम जमकर बारिश हुई। मंगलवार की सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं।

कुशीनगर में रिकॉर्ड की गई सबसे ज्यादा बारिश
इस दरम्यान प्रदेश में सबसे अधिक 10 सेंटीमीटर बारिश कुशीनगर के पडरौना, बाराबंकी के रामनगर में रिकॉर्ड की गईं। चित्रकूट के कर्बी में सात, बुलंदशहर के अनूपशहर में छह, गोरखपुर, बलिया में पांच-पांच, बस्ती, पटियाली में चार-चार, हापुड़, गोरखपुर के चन्द्रदीपघाट, आजमगढ़, अम्बेडकर नगर के अकबरपुर, गोरखपुर के बर्डघाट में तीन-तीन सेण्टीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोमवार को सबसे अधिक पांच सेमी बारिश बस्ती में दर्ज की गई। इसके अलावा गाजीपुर में दो सेमी बारिश रिकार्ड की गई। लखनऊ और आसपास के इलाकों में भी सोमवार की शाम को कहीं हल्की तो कहीं सामान्य बारिश हुईं।

अगस्त में कम हुई बारिश
स्काईमेट वेदर के अनुसार, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत समय से ही हुई थी। लंबी अवधि के औसत (एलपीए) के 110 प्रतिशत पर जून के अंत में अच्छी बारिश देखने को मिली। जबकि, जुलाई के महीने में 11 जुलाई तक के अंतराल तक बारिश की शुरुआत कमजोर रही। जून और जुलाई का स्काईमेट पूर्वानुमान क्रमशः 106% और 97% था। इसके मुकाबले जून और जुलाई में एलपीए के 110% और 93% के साथ बारिश समाप्त हुई। अगस्त माह में भी औसत अनुमान से कम बरसात हुई है।












Click it and Unblock the Notifications