UP Weather Alert: प्रदेश में 9-10 जून को लू का प्रचंड रूप, 19 जिलों में येलो अलर्ट, रहें पूरी तरह सतर्क
UP weather alert: उत्तर प्रदेश के आसमान से जैसे आग बरस रही हो। सूरज की तपिश ऐसी कि सड़कें झुलसने लगी हैं, और घरों में पंखे-कूलर भी बेअसर महसूस हो रहे हैं। जून की शुरुआत में ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है और अब यह पूरे तेवर में दिख रही है। राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है, जिससे आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दो-तीन दिन बेहद भारी पड़ सकते हैं। रविवार से मंगलवार तक हीटवेव की चेतावनी दी गई है, जिसमें खासकर 9 और 10 जून पर नजर बनी हुई है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी के लगभग 19 जिलों में लू का कहर रहेगा। वहीं, सुबह से लेकर शाम तक तेज धूप और शुष्क हवाएं लोगों को बेहाल कर सकती हैं।

शनिवार को कई शहरों में तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। प्रयागराज में पारा 43.8 डिग्री सेल्सियस, आगरा में 43 डिग्री और झांसी में 42.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री से ऊपर चला गया है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।
हीटवेव का कहर: हवा से भी राहत नहीं
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस समय गर्म पछुआ हवाएं भी उत्तर प्रदेश के तापमान को बढ़ा रही हैं। नमी की कमी और धूप की तीव्रता के कारण वातावरण और ज्यादा तप रहा है। शनिवार को दिन का तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से कुछ कम रहा, लेकिन तपिश का अहसास काफी तेज था।
विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की दिशा भले ही पूर्वोत्तर हो, लेकिन मौसम की शुष्कता और सतही गर्म हवाओं के कारण हीटवेव की स्थिति बन रही है। यही कारण है कि लोगों को घरों से बाहर निकलने में परहेज करने की सलाह दी जा रही है।
11 जून से बदलेगा मौसम का मिजाज
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक 11 जून से राहत की शुरुआत हो सकती है। उस दिन से बादल दस्तक देंगे और बारिश की बूंदें तपते प्रदेश को ठंडक देंगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
यही नहीं, बारिश के साथ-साथ हवा की दिशा में भी बदलाव आएगा, जिससे न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होगी। हालांकि ये राहत अस्थायी हो सकती है, क्योंकि गर्मी का असली दौर तो अब शुरू हुआ है। लेकिन फिर भी यह कुछ दिनों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
अब जाकर दिखी गर्मी की असली तस्वीर
मई और अप्रैल में जितनी गर्मी की उम्मीद थी, वह नजर नहीं आई। उन दोनों महीनों में सिर्फ सात-सात दिन ऐसे रहे जब पारा 40 डिग्री या उससे अधिक गया। लेकिन जून की शुरुआत के बाद जैसे ही विक्षोभ का असर खत्म हुआ, गर्मी ने अपनी असली ताकत दिखानी शुरू कर दी है।
शनिवार को रिकॉर्ड तापमान और तपिश के बाद साफ हो गया है कि यह गर्मी अभी थमने वाली नहीं है। सोमवार और मंगलवार को मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे साफ है कि यह दौर और तीखा होगा।












Click it and Unblock the Notifications