Noida: नोएडा वासियों के लिए अलर्ट, बिसरख-गौर चौक जाने वाले रास्ते बंद! पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजर
Noida Traffic Alert: ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। यातायात पुलिस ने बुधवार, 18 दिसंबर 2025 से एक महत्वपूर्ण ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा हनुमान मंदिर बिसरख से गौर चौक (चार मूर्ति) की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर निर्माण कार्य शुरू किया गया है, जिसके चलते इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।
यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा हनुमान मंदिर बिसरख से गौर चौक की ओर जाने वाली 60 मीटर चौड़ी सड़क पर सीवर लाइन को शिफ्ट करने का कार्य आज (18.12.2025) से शुरू किया जा रहा है। भारी मशीनरी और निर्माण कार्य के चलते सुरक्षा की दृष्टि से इस रूट पर ट्रैफिक को डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया है।

ये रहेंगे वैकल्पिक मार्ग (Traffic Diversion Plan)
जाम और असुविधा से बचने के लिए पुलिस ने वाहन चालकों के लिए निम्नलिखित वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं:
- सूरजपुर/बिसरख से आने वाले वाहन: यदि आप सूरजपुर या बिसरख की तरफ से आ रहे हैं और डी-मार्ट गोलचक्कर होते हुए गौर चौक जाना चाहते हैं, तो अब आपको डी-मार्ट गोलचक्कर से बाएं मुड़कर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
- सूरजपुर से 130 फुटा रोड जाने वाले वाहन: सूरजपुर से बिसरख या डी-मार्ट गोलचक्कर होते हुए गौर चौक की ओर जाने वाला यातायात अब एसीई (ACE) सोसायटी गोलचक्कर से दाहिने टर्न लेकर 130 फुटा रोड के रास्ते अपने गंतव्य को जा सकेगा।
पुलिस की अपील
यातायात पुलिस गौतमबुद्धनगर ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस दौरान धैर्य बनाए रखें और जाम से बचने के लिए पुलिस द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। कार्य पूरा होने तक यह व्यवस्था लागू रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications