Toll Tax Hike: लखनऊ-बहराइच से नवाबगंज तक, यूपी के इन टोल प्लाजा पर जेब ढीली करने के लिए हो जाइए तैयार!
Toll Tax Hike: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी की जा रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए टोल शुल्क में संशोधन किया है। नई दरें 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी होंगी, जिससे वाहन चालकों को यात्रा के लिए अधिक भुगतान करना पड़ेगा।
इस बदलाव का असर लखनऊ के अलावा बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, रायबरेली और उन्नाव जैसे जिलों में भी देखने को मिलेगा। इन मार्गों से प्रतिदिन लाखों वाहन गुजरते हैं, जिनमें निजी गाड़ियां, बसें और भारी मालवाहक ट्रक शामिल हैं। टोल शुल्क में 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे लंबी दूरी की यात्राएं महंगी हो सकती हैं।

NHAI के परियोजना निदेशक सौरभ चौरसिया ने बताया कि हर साल टोल दरों की समीक्षा की जाती है और आवश्यकतानुसार बदलाव किए जाते हैं। इस साल भी 31 मार्च की मध्यरात्रि के बाद नई दरें लागू कर दी जाएंगी।
किन टोल प्लाजा पर कितनी बढ़ोतरी?
लखनऊ-बहराइच मार्ग पर स्थित आनी टोल प्लाजा पर कारों की एकतरफा यात्रा के लिए शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर अब 65 रुपये देने होंगे। हल्के माल वाहनों के लिए शुल्क 75 रुपये, जबकि वापसी शुल्क 110 रुपये निर्धारित किया गया है।
बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों के लिए टोल दरें बढ़ा दी गई हैं। अब एकल यात्रा का शुल्क 155 रुपये और वापसी का शुल्क 235 रुपये होगा। इसी तरह, गुलाल पुरवा टोल प्लाजा पर कारों के लिए शुल्क 55 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये कर दिया गया है।
नवाबगंज टोल प्लाजा पर कार चालकों को अब एकतरफा यात्रा के लिए 100 रुपये और आना-जाना करने पर 145 रुपये देने होंगे। यहां मासिक पास की कीमत 3,265 रुपये होगी। हल्के वाहनों के लिए यह दरें क्रमशः 160 रुपये, 235 रुपये और 5,275 रुपये निर्धारित की गई हैं।
दखिना शेखपुर टोल प्लाजा पर भी शुल्क में वृद्धि की गई है। यहां कार चालकों को अब एकतरफा यात्रा के लिए 120 रुपये, आना-जाना करने के लिए 175 रुपये और मासिक पास के लिए 3,940 रुपये देने होंगे। हल्के मालवाहक वाहनों के लिए यह दरें 190 रुपये, 285 रुपये और 6,360 रुपये होंगी।
शहाबपुर और बल्लीपुर टोल की नई दरें
शहाबपुर टोल प्लाजा पर कारों का एकल यात्रा शुल्क 115 रुपये और आना-जाना करने का शुल्क 170 रुपये होगा, जबकि मासिक पास की कीमत 3,770 रुपये तय की गई है। हल्के मालवाहक वाहनों के लिए यह दरें क्रमशः 185 रुपये, 275 रुपये और 6,095 रुपये होंगी।
बल्लीपुर टोल प्लाजा पर कार चालकों को अब एकतरफा यात्रा के लिए 90 रुपये और आना-जाना करने के लिए 135 रुपये चुकाने होंगे। मासिक पास की कीमत 2,945 रुपये होगी। हल्के मालवाहक वाहनों के लिए यह दरें 145 रुपये, 215 रुपये और 4,755 रुपये निर्धारित की गई हैं।
टोल दरों में बढ़ोतरी का सीधा असर रोजाना यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ेगा। खासकर, ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर पर इसका व्यापक प्रभाव देखने को मिलेगा। बसों और ट्रकों के लिए अतिरिक्त टोल शुल्क के कारण किराया दरों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications