UP Politics: मानसून सत्र के बाद Yogi मंत्रिमंडल में विस्तार संभव, 4 नए चेहरे ले सकते हैं शपथ
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। माना जा रहा है कि केंद्र में चल रहे मानसून सत्र के बाद यूपी में योगी के मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार मानूसन सत्र समाप्त होने के बाद अपना पहला विस्तार कर सकती है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि इसमें चार मंत्री शपथ ले सकते हैं तो कुछ मंत्रियों को हटाकर नए चेहरों को जगह दी जा सकती है। हालांकि इसमें शामिल होने वाले चेहरों की तलाश जारी है। नए चेहरों में एसबीएसपी चीफ ओम प्रकाश राजभर और सपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए दारा सिंह चौहान भी शामिल हैं।

राजभर के एनडीए में आने के बाद विस्तार जरूरी
दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ ने 25 मार्च, 2022 को दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह योगी 2.0 मंत्रालय का पहला विस्तार होगा। सरकार से जुड़े सूत्रों की माने तो सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर को समायोजित करने के लिए मंत्रिमंडल का विस्तार बेहद जरूरी हो गया है। यह जल्द ही हो सकता है।
राजभर और दारा शामिल हो सकते हैं
राजभर की पार्टी के विधानसभा में छह सदस्य हैं।इस महीने की शुरुआत में अपनी सीट से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक दारा सिंह चौहान को भी शामिल किया जा सकता है। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विस्तार के लिए अन्य नेताओं के बीजेपी में शामिल होने पर भी विचार किया जा सकता है।
चार नए चेहरों की सुगबुगाहट
सूत्रों ने बताया कि, दो से चार मंत्रियों को शामिल किए जाने के संकेत हैं। हालांकि यह संख्या और भी बढ़ सकती है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बारे में निर्णय लेंगे कि मंत्रिमंडल विस्तार राज्य विधान सभा के अगस्त 2023 के दूसरे सप्ताह में बुलाए जाने वाले मानसून सत्र से पहले या बाद में किया जाना है या नहीं।
मंत्रिमंडल से कुछ नेताओं की हो सकती है छुट्टी
हालांकि यह देखना जरूरी है कि क्या मंत्रिमंडल से कुछ नेताओं की छुट्टी होगी या नहीं हालांकि यह पूरी तरह से मुख्यमंत्री पर निर्भर है। बीजेपी नेता ने बताया कि अभी तक हमारे पास तीन या चार नामों के बारे में संकेत हैं। लेकिन सुझाव आखिरी मिनट तक दिए जाते हैं और शामिल किए जाने वाले मंत्रियों की संख्या बदल सकती है।
अब तक योगी सरकार में 52 मंत्री शामिल
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ की मंत्रिपरिषद में अब कैबिनेट स्तर के 18 मंत्री समेत 52 सदस्य शामिल हैं। इसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत 14 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 20 राज्य मंत्री शामिल हैं।
योगी की पहली सरकार में मंत्री थे राजभर और दारा
राजभर योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री थे लेकिन विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दोनों नेताओं ने बीजेपी पर पिछड़ों के खिलाफ राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी थी। राजभर जहां सपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़े थे वहीं दारा ने सपा के टिकट पर जीत हासिल की थी।
पिछले कुछ दिनों से बीजेपी नेताओं से कर रहे मुलाकात
हालांकि जब से राजभर का गठबंधन बीजेपी से हुआ है उसके बाद से ही वो लगातार बीजेपी यूपी के बड़े नेताओं के सम्पर्क में हैं। कुछ दिन पहले ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उनके घर जाकर उनसे मुलाकात की थी। वहीं पिछले दो दिनों में वह सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मिल चुके हैं। हालांकि इन मुलाकातों कें पिछले गिले शिकवे कितने दूर हुए ये देखने वाली बात होगी।












Click it and Unblock the Notifications