UP Politics: बेटे की शादी के बहाने BJP से रिश्तों की डोर मजबूत करने में जुटे ओम प्रकाश राजभर
OM Prakash Rajbhar son Arun Rajbhar: उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और एसबीएसपी चीफ ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर की शादी सुर्खियों में है। इस शादी को बीजेपी और राजभर के रिश्तों को जोड़कर देखा जा रहा है।
OM Prakash Rajbhar son Arun Rajbhar: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के चीफ ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर की शादी आजकल सुर्खियों में है और हो भी क्यों नहीं क्योंकि राजभर बेटे की शादी के बहाने बीजेपी से रिश्तों की डोर मजबूत करने की कवायद में जुटे हुए हैं।
13 जून को वाराणसी में है बेटे का रिसेप्शन
दरअसल सुहेलदेव भारती समाज पार्टी के चीफ राजभर के बेटे अरुण की बारात रविवार को गाजीपुर गई थी। लेकिन इसका रिसेप्शन 13 जून को वाराणसी के सिंधौरा में रखा गया है। अटलकें लग रही हैं कि इस रिसेप्शन में यूपी के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ तमाम मंत्री पहुंचेंगे क्योंकि राजभर ने सीएम, डिप्टी सीएम समेत सभी मंत्रियों को न्यौता दिया है।

बेटे की शादी से पहले राजभर को मिला मोदी का पत्र
बेटे की शादी से पहले, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष और विधायक ओम प्रकाश राजभर को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी से जोड़े को आशीर्वाद के साथ एक पत्र मिला। जैसे ही यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसने एसबीएसपी के 2024 लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के साथ हाथ मिलने की अटकलों को जन्म दे दिया है।
सोनिया, अखिलेश, मायावती को भी भेजा गया है न्यौता
हालांकि राजभर ने दावा किया कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सोनिया गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती को शादी में आमंत्रित किया था। बीजेपी के साथ एक और गठबंधन बनाने की संभावनाओं के बारे में उन्होंने कहा, "लोकसभा चुनाव अभी लगभग एक साल दूर हैं। किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। चर्चा और अटकलें लगती रहनी चाहिए।"
पारिवारिक कार्यक्रम है राजनीतिक नहीं
राजभर ने कहा कि, मेरे बेटे अरुण की शादी रविवार को थी। बरात गाजीपुर के सादात गई थी। निमंत्रण शादी समारोह में पीएम, अन्य व्यक्तियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के राजनेताओं को कई दिन पहले भेजा गया था। सोनियाजी, अखिलेशजी और बहन मायावतीजी सहित अन्य राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं को भी निमंत्रण भेजा गया था। राजनीतिक और वैचारिक मतभेद हैं, लेकिन यह एक पारिवारिक समारोह है और राजनेता ऐसे आयोजनों में एक-दूसरे के शामिल होने के आदी हैं।

मुलायम के यहां गए थे पीएम मोदी
ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर ने कहा है कि,
अखिलेश यादव को शादी के मौके पर तंज कसने की बजाए बड़े मन से आशीर्वाद देने आना चाहिए। यूपी की जनता ने देखा है कि शादी समारोह में इटावा में कैसे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के यहां प्रधानमंत्री शामिल हुए थे। सभी नेता दलगत मतभेद की परवाह किए बिना प्रधानमंत्री से मिलते हैं। अभी सभी दल अपनी तैयारियों में व्यस्त हैं और चुनाव से पहले गठबंधन बनाने पर गंभीर बातचीत होगी।
बीजेपी के साथ बड़ी डील की अटकलें
बीजेपी के सूत्रों की माने तो ओम प्रकाश राजभर लोकसभा चुनाव में बीजेपी के साथ गठबंधन कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि गठबंधन को अंतिम रूप देने के लिए जुलाई में बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ राजभर की दिल्ली में मुलाकात होगी। इस मुलाकात से पहले राजभर अपनी पार्टी के प्रदर्शन का हिसाब किताब लगाने में जुटे हैं कि यूपी में ऐसी कितनी सीटें हैं जहां उनकी पार्टी को कम से दस हजार ओर अधिकतम एक लाख मत मिले हैं।

विधानसभा चुनाव राजभर ने बीजेपी को पहुंचाया था नुकसान
विधानसभा चुनाव के दौरान राजभर ने पूर्वांचल में बीजेपी का नुकसान किया था पूर्वांचल के आंकडों पर गौर करें तो लगभग आधा दर्जन जिलों में बीजेपी की स्थिति काफी कमजोर हुई है। खासतौर से राजभरों का वोट बीजेपी को नहीं मिलने से गाजीपुर, मऊ, जौनपुर, बलिया, आजमगढ़ समेत दर्जनभर जिलों में बीजेपी को करीब 25 से 30 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा था। अब बीजेपी ने चुनाव में जीत के बाद भी 2024 में मोदी को पीएम बनाने के लिए राजभर को साधने की कवायद शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications