'बरगलाने वाली बात...दोहरा चरित्र', राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार, कांग्रेस पर क्यों भड़कीं मायावती?
UP Politics: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आरोपों पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक्स के जरिए अपनी नाराजगी का इजहार किया है। राहुल ने आरोप लगाया था कि बीजेपी-विरोधी गठबंधन में शामिल न होकर मायावती ने निराश किया ेथा। उन्होंने दलित राजनीति पर भी उन्हें घेरने की कोशिश की थी।
इसपर बीएसपी सुप्रीमो ने एक्स पर तीन पोस्ट डालकर कांग्रेस नेता को जमकर सुना दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस बरगलाने की कोशिश कर रही है और इससे उसका दोहरा चरित्र उजागर हुआ है।

UP Politics: राहुल गांधी ने बीएसपी पर बीजेपी की खिलाफ लड़ाई में साथ नहीं देने का लगाया है आरोप
दलितों को कांग्रेस के साथ जोड़ने की कोशिश में जुटे राहुल ने गुरुवार को यूपी में अपने चुनाव क्षेत्र रायबरेली में आरोप लगाया कि बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव नहीं लड़कर मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने निराश किया।
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने इस मौके पर छात्रों के साथ बीएसपी के संस्थापक कांशीराम की भारतीय राजनीति में भूमिका को लेकर भी बात की। वे बोले, 'मुझे लगता है कि कांशीरामजी ने नींव रखी और बहनजी (मायावती) ने इसे आगे बढ़ाया।'
UP Politics: मायावती ने निराश किया- कांग्रेस सांसद
लेकिन, इसके साथ ही उन्होंने कहा, 'मैं चाहता था कि बहनजी बीजेपी के खिलाफ हमारे साथ मिलकर लड़ें, लेकिन कुछ वजहों से उन्होंने ऐसा नहीं किया। यह बहुत ही निराशाजनक था। अगर सभी तीनों पार्टियां एकजुट हो गई होतीं, बीजेपी कभी नहीं जीतती।'
राहुल 2024 के लोकसभा चुनावों में बीएसपी के इंडिया ब्लॉक का हिस्सा नहीं बन पाने को लेकर अपनी मायूसी जाहिर कर रहे थे।
UP Politics: जहां कमजोर है कांग्रेस वहां बरगलाने वाली बातें करती है, यह उसका दोहरा चरित्र है- मायावती
राहुल गांधी के इन्हीं आरोपों पर एक्स पोस्ट के जरिए मायावती ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां कमजोर है, वहां गठबंधन की बात करके बरगलाने की कोशिश करती , जो उसका दोहरा चरित्र दिखाता है।
पहले पोस्ट में उन्होंने लिखा है, 'कांग्रेस पार्टी जिन राज्यों में मजबूत है या जहां उनकी सरकारें हैं वहां BSP व उनके अनुयाइयों के साथ द्वेष व जातिवादी रवैया है, किन्तु यूपी जैसे राज्य में जहां कांग्रेस कमजोर है, वहां उससे गठबंधन की बरगलाने वाली बातें करना यह उस पार्टी का दोहरा चरित्र नहीं तो और क्या है?'
UP Politics: कांग्रेस, बीजेपी दलित-बहुजनों के आरक्षण की विरोधी-बीएसपी चीफ
दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा है, 'फिर भी BSP ने यूपी व अन्य राज्यों में जब भी कांग्रेस जैसी जातिवादी पार्टियों के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा है, तब हमारा बेस वोट उन्हें ट्रांसफर हुआ है, लेकिन वे पार्टियां अपना बेस वोट बीएसपी को ट्रांसफर नहीं करा पायी हैं। ऐसे में बीएसपी को हमेशा घाटे में ही रहना पड़ा है।'
तीसरे पोस्ट में उन्होंने कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर आरोप लगाया है कि ये दलित और बहुजनों के आरक्षण के विरोधी रहे हैं। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications