शादी में डांस करने के दौरान लगा बच्चे का पैर, यूपी पुलिस के सिपाही ने कर दी हत्या
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश स्थित फिरोजाबाद के अरावं में एक शादी समारोह के दौरान बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई। दरअसल, शादी के दौरान डीजे पर डांस के दौरान पैर लगने पर एक सिपाही ने 12 वर्षीय मानव की गोली मार कर हत्या कर दी। आरोपी सिपाही बच्चे का शव लेकर फरार हो गया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिपाही, उसके दोस्त और दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी सिपाही महेंद्र फर्रूखाबाद में तैनात है। मिली जानकारी के अनुसार सुग्रीव बघेल की बेटी की शादी थी।
रात 9.30 बजे के करीब डांस हो रहा था। इसी दौरान संजीव बघेल का बेटा मानिकचंद्र उर्फ मानव बघेल और सिपाही महेंद्र सिंह डांस कर रहे थे। इसी दौरान मानिकचंद्र का पर सिपाही के पर में लग गया। महेंद्र ने तुरंत ही बच्चे को थप्पड़ मार दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी सिपाही महेंद्र ने तमंचा निकाल कर फायरिंग कर दी। गोली लगने से मानव की मौके पर ही मौत हो गई। सिपाही महेंद्र, उसका साथी प्रियांश नारायन मिश्रा और दो अन्य लोग बच्चे का शव लेकर फरार हो गए। प्रभारी एसएचओ ने जानकारी दी कि महेंद्र फर्रूखाबाद में तैनात है और प्रियांश एक शिक्षक है।
वहीं हत्या करने के बाद बच्चे का शव लेकर फरार होने से पुलिस हैरान है। पुलिस ने मानव के पिता संजय बघेल से काफी पूछताछ की। उन सभी जगहों पर दबिश दी जहां आरोपी के होने की संभावना थी लेकिन वो कहीं नहीं मिला। सभी आरोपियों के घर पर ताले लगे हैं। बच्चे की हत्या के बाद ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं क्योंकि संजय बघेल, सुग्रीव का चचेरा भाई है। इसके चलते ज्यादातर लोग शादी से रात को वापस चले गए। जल्दी-जल्दी में शादी की रस्में खत्म कर बारात सुबह 5 बजे ही विदा कर दी गई।