UP Nikay Chunav 2023: CM Yogi बोले, 'यह चुनाव सपा-बसपा जैसे कचरे को साफ करने का है'
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के दौरान सपा-बसपा पर जमकर हमला बोला। योगी ने कहा कि अखिलेश ने 6 करोड नगरीय निवासियों का अपमान किया है।

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान पूर्व सीएम अखिलेश पर जमकर हमला बोला। योगी ने कहा है कि यह चुनाव सपा-बसपा जैसे कचरे को यूपी से साफ करने का है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का करिश्मा ही यही है कि चारों तरफ विकास हो रहा है। एक तरफ पूर्वांचल एक्सप्रेस वे बन रहा है तो दूसरी ओर बुदेलखंड एक्सप्रेस वे। अब सरकार ने गंगा एक्सप्रेस वे पर अपना काम तेज कर दिया है।
योगी ने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिला है उसी वजह से चारों तरफ काम हो रहा है। अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहा है। लखनऊ में पहले से एयरपोर्ट मौजूद है। जेवर में भी बड़ा एयरपोर्ट बन रहा है। अब जिसको जहां से सुविधाजनक हो वहां से यात्रा कर सकता है।
सीएम ने कहा कि , आज यूपी में किसी धार्मिक कार्य पर रोक नहीं लगती है। पहले कावड़ यात्रा पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए जाते थे। आज कावड़ियों पर सरकार पुष्प वर्षा करवा रही है। यही अंतर है अब की सरकार और पिछले सरकार में। यह सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करती है।
निकाय चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार करते हुए योगी ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की क्या स्थिति थी। चारों तरफ कचड़े का ढेर नजर आता था। लेकिन बीजेपी सरकार ने नगरीय जीवन को सुलभ बनाने का काम किया है।
योगी ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का एक हास्यास्पद बयान आया है। वह कहते हैं कि निकाय चुनाव में पार्टी इसलिए ज्यादा फोकस नहीं कर रही है क्योंकि ये तो कूड़ा उठाने का चुनाव है। यूपी जैसे राज्य का जो व्यक्ति सीएम रहा हो उसकी इस प्रकार की सोच से आप उनकी मानसिकता को समझ सकते हैं।
योगी ने कहा कि, ये कूड़ा उठाने का नहीं बल्कि सपा और बसपा जैसे कचरे को यूपी से साफ करने का चुनाव है। ये चुनाव सपा और बीएसपी के अराजकता को समाप्त करने का चुनाव है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस तरह का बयान देकर यूपी के नगरीय इलाके में रहने वाले 6 करोड़ लोगों का अपमान किया है।












Click it and Unblock the Notifications