UP News: योगी सरकार ने किसानों को दी खुशखबरी, फसल बीमा योजना लेने में नहीं आएगी कोई दिक्क्त
UP News: उत्तर प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र में तकनीक को बढ़ावा दे रही है। राज्य सरकार फसलों की सुरक्षा के लिए नया कदम उठाने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अब तकनीक आधारित उपज आकलन को लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके साथ ही पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत फसलों की निगरानी और रखरखाव की प्रक्रिया को भी दुरुस्त किया जाएगा।
यस-टेक प्रणाली के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर उपज का सटीक आकलन संभव होगा। किसानों को फसलों का बीमा उपलब्ध कराना और ग्राम पंचायत स्तर पर फसलों के निरीक्षण की प्रक्रिया को और सुदृढ़ बनाने के लिए भी यस-टेक प्रणाली का उपयोग किया जाएगा। यस-टेक को लागू करने के लिए प्रौद्योगिकी कार्यान्वयन भागीदार की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कृषि विभाग प्रदेश के 75 जिलों में रबी और खरीफ की फसलों से संबंधित आंकड़ों का संकलन लेकर इस प्रक्रिया की शुरुआत कर रहा है।

फिलहाल गेहूं और धान की फसलों पर फोकस किया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ सभी किसानों को मिले। इसके लिए फसलों को ग्राम पंचायत स्तर पर बीमित करने और किसानों को बीमा कवर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
वहीं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के जरिए भी किसानों को लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस प्रक्रिया में बीमित खरीफ फसल के तौर पर केला, मिर्च व पान और रबी की फसल के तौर पर टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मटर और आम को वरीयता दी गई है।
केले के लिए 30 जून, मिर्च के लिए 31 जुलाई, पान के लिए 30 जून, टमाटर-शिमला मिर्च और हरी मटर के लिए 30 नवंबर और आम के लिए फसलवार बीमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गई है।












Click it and Unblock the Notifications