UP News: दीनदयाल स्मृति महोत्सव में सीएम योगी का संबोधन, कहा स्वदेशी ही आत्मनिर्भर भारत का मार्ग
UP News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पंडित जी का सपना आज देश की नीतियों में साकार हो रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल का विचार "एकात्म मानववाद" और "स्वदेशी" आज की नीतियों का आधार है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसी मंत्र को आत्मसात कर कई असंभव लगने वाले कार्यों को संभव कर दिखाया।

मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि धारा 370 का हटना, अयोध्या में राममंदिर का निर्माण और करोड़ों परिवारों को मुफ्त राशन मिलना, यह सब पंडित जी की सोच और विजन का नतीजा है। उन्होंने कहा कि भारत आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द तीसरे स्थान पर पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पास देश की सबसे बड़ी युवा शक्ति है। इसी ऊर्जा से नया भारत बनेगा। उन्होंने "सीएम युवा स्कीम" का जिक्र किया, जिसके तहत पांच लाख तक का ब्याजमुक्त लोन दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक 70 हजार से ज्यादा युवाओं ने इस योजना का लाभ उठाया है और लक्ष्य एक लाख युवाओं तक पहुंचने का है। योगी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी खोजने वाले न रहें, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।
2017 से पहले बेहद खराब थी यूपी की हालत
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले यूपी की हालत बेहद खराब थी। आजादी के समय जीडीपी में 14 प्रतिशत योगदान देने वाला प्रदेश आठवें स्थान पर खिसक गया था। डबल इंजन सरकार ने इसे फिर से नंबर दो पर पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य यूपी को विकसित राज्य बनाने का है। आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम मानदेय 16 से 20 हजार रुपये तय करने की गारंटी भी सरकार दे रही है।
कश्मीर और राममंदिर का संकल्प पूरा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने देश की ताकत को कमजोर किया। कश्मीर को कांग्रेस ने नासूर बना दिया था। लोग कहते थे कि धारा 370 हटाना असंभव है, लेकिन आज यह हकीकत बन चुका है।
इसी तरह, राममंदिर निर्माण को लेकर भी संदेह जताया जाता था। योगी ने कहा कि पंडित दीनदयाल का सपना था कि भारत की आत्मा को सांस्कृतिक आधार मिले और मोदी सरकार ने यह संकल्प पूरा कर दिखाया।
स्वदेशी है आत्मनिर्भरता का मार्ग
योगी ने कहा कि पंडित जी का मंत्र था कि भारत की आर्थिक नीति का आधार केवल स्वदेशी होना चाहिए। इसी सोच से "वोकल फॉर लोकल" और ODOP जैसे अभियान आज लाखों कारीगरों को रोजगार दे रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहारों पर केवल स्वदेशी उत्पादों का ही उपयोग करें। विदेशी वस्तुओं को त्यागकर हम अपने किसानों और शिल्पकारों को सशक्त बना सकते हैं। यही आत्मनिर्भर भारत की असली राह है।
चार दिवसीय इस महोत्सव में स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी, गो आधारित खेती और महिला स्वावलंबन से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसकी सराहना की।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे। हजारों की संख्या में जनता भी इस महोत्सव में शामिल होकर पंडित दीनदयाल जी को श्रद्धांजलि देने पहुंची।












Click it and Unblock the Notifications