UP News: 12 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं वाले प्रदेश में आयोग को अब मिलेगा अपना आधुनिक मुख्यालय
UP News: लखनऊ में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के लिए आधुनिक भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह कदम लोकतंत्र को नई मजबूती देगा और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनता को लोकतंत्र की असली ताकत बताया। उन्होंने कहा कि लोग केवल मतदाता नहीं बल्कि जनार्दन हैं। उनकी अपेक्षाओं को सुनना और पूरा करना ही लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

करीब 50 करोड़ की लागत से बनने वाला यह छह मंजिला भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। अवध विहार योजना में बनने वाले इस दफ्तर से चुनावी कार्य न सिर्फ आसान होंगे बल्कि आयोग की कार्यकुशलता भी और बढ़ जाएगी।
लोकतंत्र को नई मजबूती देगा नया कार्यालय
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अब तक राज्य निर्वाचन आयोग किराए के भवन से काम करता आ रहा था। नए कार्यालय से कामकाज में तेजी आएगी और पारदर्शिता भी बढ़ेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि राजकीय निर्माण निगम 18 महीने से पहले ही भवन का निर्माण पूरा कर देगा।
योगी आदित्यनाथ ने याद दिलाया कि अकेले उत्तर प्रदेश में ही 12 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। यह संख्या किसी भी राज्य की कुल आबादी से ज्यादा है। इतनी विशाल चुनावी प्रक्रिया को संभालना राज्य निर्वाचन आयोग की बड़ी जिम्मेदारी है।
चुनावी जिम्मेदारी का विशाल दायरा
उत्तर प्रदेश में 57,600 ग्राम पंचायतें, 826 क्षेत्र पंचायतें और 75 जिला पंचायतें मौजूद हैं। इसके अलावा 17 नगर निगम, 199 नगर पालिकाएं और 544 नगर पंचायतों के चुनाव भी आयोग ही कराता है। साथ ही 14,000 से अधिक पार्षदों के चुनाव का संचालन भी इसी संस्था की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहा जाता है तो इसमें यूपी का बड़ा योगदान है। यहां की चुनावी प्रक्रिया देश की लोकतांत्रिक साख को और मजबूत करती है।
जनता की आवाज ही सबसे बड़ी ताकत
सीएम योगी ने लोकतंत्र के मूल को रेखांकित करते हुए कहा कि जनता की आवाज ही सबसे महत्वपूर्ण है। अगर कोई प्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी करता है तो पांच साल बाद वही जनता उसे नकार देती है। यही व्यवस्था लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह सपना तभी पूरा होगा जब उत्तर प्रदेश भी पूरी तरह विकसित हो। इसके लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं का सशक्त होना बेहद जरूरी है।
भवन की आधुनिक सुविधाएं
इस नये कार्यालय में रोड पाथवे, ओपन पार्किंग और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाएं होंगी। परिसर में 25 के.एल.डी. क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किया जाएगा।
भवन की सुरक्षा के लिए आधुनिक सीसीटीवी सिस्टम लगेगा। कर्मचारियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए दो बड़ी और एक छोटी लिफ्ट लगाई जाएगी। साथ ही पावर वायरिंग और आंतरिक विद्युतीकरण की अत्याधुनिक व्यवस्था की जाएगी।
सीएम ने कहा कि इस भवन का निर्माण लोकतांत्रिक व्यवस्था में नए अध्याय की शुरुआत करेगा। इससे आयोग को न केवल बेहतर सुविधाएं मिलेंगी बल्कि यह कार्यालय एक मॉडल ऑफिस के रूप में भी देश के सामने उदाहरण बनेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, राज्य निर्वाचन आयुक्त राज प्रताप सिंह, महिला आयोग और एससी-एसटी आयोग की अध्यक्ष समेत कई अधिकारी और नेता मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications