UP News: कौशांबी में महिला ने आटे में जहर मिलाकर पूरे परिवार को मारने की रची खौफनाक साजिश, ऐसे हुआ खुलासा
UP News: कौशांबी जिले के मलकिया गांव में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। एक महिला ने अपने ही पति, बच्चों और ससुरालजनों को खाने में जहर देकर मारने की खौफनाक साजिश रच डाली थी।
रविवार की शाम घर की रसोई में अचानक तेज और अजीब गंध महसूस आने लगी। घर की अन्य महिलाओं ने जब ध्यान दिया तो पता चला कि यह गंध आटे से आ रही है। इसके बाद पूरे परिवार के लोगों को शक हुआ।

संदेह होने पर घर के मुखिया बृजेश मौर्य ने महिला से पूछताछ करनी शुरु कर दी। पहले तो महिला बात टालते हुए झूठ बोलती रही, लेकिन बाद में जब उसपर दबाव डाला गया तो उसने खुद स्वीकार किया कि उसने आटे में सल्फास मिला दिया था।
परिवार को ज़हर देने की थी पूरी योजना
पुलिस पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि वह इस परिवार के साथ अब और नहीं रहना चाहती थी। इसी वजह से उसने पूरे परिवार को एक साथ खत्म करने का फैसला किया।
उसने यह भी बताया कि इस योजना में उसके पिता और भाई ने भी उसका साथा दिया है। उसके बाद परिवार के लोगों ने इस मामले की सूचना तत्काल पुलिस को फोन करके दी।
गांव में आरोपित के घर पहुंची पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद महिला के पिता और उसके भाई को भी पुलिस ने देर रात दबिश देकर हिरासत में ले लिया।
तो खत्म हो जाता पूरा परिवार
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त महिला रसोई में रोटी बनाने की तैयारी कर रही थी। उसी दौरान वहां से उठती बदबू ने सबका ध्यान खींचा। घर के लोगों को कुछ गड़बड़ का शक हुआ और तुरंत कार्रवाई की गई।
रात में ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आटे का नमूना कब्जे में लिया गया। जांच रिपोर्ट से जहर की मात्रा और उसका प्रकार स्पष्ट होगा। उसके बाद महिला और उसके मायके वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने जहां पहले पिता और भाई की भूमिका बता रही है वहीं पूछताछ के दौरान उसने पुलिस से कई बार बताया कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है। पुलिस अब इन बातों को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति और पारिवारिक तनाव का मामला भी हो सकता है। फिलहाल, पूरे मामले की जांच की जाएगी। वहीं सोमवार को महिला समेत उसके पिता और भाई को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया।
सुनवाई के बाद न्यायालय ने तीनों को जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस ने आरोपियों पर IPC की धारा 328 और अन्य गंभीर धाराएं लगाई हैं। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट आते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications