UP News: गठबंधन को लग सकता है बड़ा झटका, अलग राह पर अपना दल कमेरावादी, जानें पल्लवी पटेल ने क्या कहा?
UP News: लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद से ही अखिलेश यादव और पल्लवी पटेल के बीच तनातनी चल रही है। गुरुवार को जहां अखिलेश यादव ने पल्लवी पटेल के साथ गठबंधन को लेकर बयान दिया था, वहीं अब पल्लवी ने भी साफ कर दिया है कि वह तीन लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगी।
पल्लवी पटेल ने कहा कि लाेकसभा चुनाव में अपना दल कमेरावादी द्वारा मिर्जापुर‚ कौशांबी और फूलपुर से अपने उम्मीदवारों को उतारेंगी। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी हमसे गठबंधन तोड़ रही है तो यह INDIA गठबंधन को स्पष्ट करना चाहिए कि हम उनका हिस्सा हैं या नहीं हैं?

दरअसल, बुधवार को अपना दल कमेरावादी द्वारा इंडिया गठबंधन के तहत यूपी के तीन लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों को उतारने का ऐलान किया गया था। अपना दल कमेरावादी के ऐलान के बाद सपा ने उसी दिन मिर्जापुर से प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया था।
ऐसे में गठबंधन में नाराजगी नजर आ रही थी। उसके बाद अगले दिन अखिलेश यादव ने यह कह दिया दिया कि अपना दल कमेरावादी और सपा का गठबंधन विधानसभा 2022 चुनाव में था लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 में गठबंधन खत्म हो गया है।
राज्यसभा वोटिंग के दौरान भी दिखी थी नाराजगी
यह भी बता दें कि बीते राज्यसभा चुनाव के दौरान भी समाजवादी पार्टी और अपना दल कमेरावादी के बीच नाराजगी देखी गई थी। हालांकि उस समय पल्लवी ने कहा था कि वे पिछड़ों‚ दलितों और आदिवासियों की लड़ाई लड़ रही हैं।
ऐसे में वह राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को ही वोट देंगी। लेकिन वोटिंग के दिन फिर नाराजगी देखने को मिली। हालांकि, उस वक्त किसी तरह दोनों पक्षों की नाराजगी दूर हो गई थी। अब लोकसभा चुनाव के दौरान यूपी में सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चा के बीच एक बार फिर विवाद छिड़ गया है।
कई सीटों पर कमजोर होगा INDIA गठबंधन
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अब पल्लवी यदि इंडिया गठबंधन से अलग होती हैं तो गठबंधन को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा। क्योंकि वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जनपदों में कुर्मी वोटरों की संख्या अधिक है।
हालांकि इनमें कुछ लोग पल्लवी पटेल का समर्थन करते हैं तो कुछ लोग अनुप्रिया पटेल के साथ हैं। ऐसे में इंडिया गठबंधन पल्लवी पटेल के माध्यम से कुर्मी वोटरों को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहा था। लेकिन अब पल्लवी पटेल की नाराजगी से पूर्वांचल में इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लग सकता है।












Click it and Unblock the Notifications