UP News: संभल सीओ का तबादला, जानिए कौन हैं आलोक भाटी जिन्हें मिली नई ज़िम्मेदारी
UP News: संभल के सीओ अनुज चौधरी का तबादला कर उन्हें चंदौसी सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर सहायक पुलिस अधीक्षक पद पर कार्यरत आईपीएस अधिकारी आलोक भाटी को नया सीओ संभल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, बहजोई सर्किल की कमान अब आलोक सिद्धू को सौंपी गई है। आइए जानते हैं आलोक भाटी कौन है...
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हाल ही में क्षेत्राधिकारी (CO) के रूप में नियुक्त किए गए आईपीएस अधिकारी आलोक भाटी न सिर्फ एक जिम्मेदार पुलिस अफसर हैं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी हैं।

जानिए कौन हैं आलोक भाटी
आलोक भाटी का जन्म ग्रेटर नोएडा के चिटेहरा गांव में एक कृषक परिवार में हुआ। उनका बचपन गांव के प्राइमरी स्कूल और दादरी के इंटर कॉलेज में बीता, जहाँ उन्होंने हिंदी माध्यम से अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। ग्रामीण जीवन और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी अपने सपनों से समझौता नहीं किया।
स्नातक की पढ़ाई उन्होंने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, नोएडा से पूरी की। पढ़ाई के प्रति उनकी लगन इतनी प्रबल थी कि उन्होंने कॉलेज के दिनों में ही UPSC की तैयारी शुरू कर दी। पहले उन्होंने NDA की परीक्षा पास की, लेकिन मेडिकल जांच में दांतों की समस्या के कारण चयन नहीं हो सका। फिर उन्होंने ITBP (इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस) की परीक्षा उत्तीर्ण की और 2016 में असिस्टेंट कमांडेंट के रूप में सेवा शुरू की।
UPSC में सफलता और आईपीएस का सफर
लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर आलोक भाटी ने 2021 में UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया 413वीं रैंक हासिल की, जिससे उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में हुआ। यह केवल उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे गांव चिटेहरा के लिए गौरव का क्षण था। गाँव में उनका भव्य स्वागत किया गया और उनकी कहानी ने आसपास के युवाओं में नई ऊर्जा भर दी।
यह भी पढ़ें-UP News: यूपी सरकार ने संभल सीओ का किया तबादला, जानिए अनुज चौधरी इतने चर्चित क्यों?
संभल में मिली नई जिम्मेदारी
हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत आलोक भाटी को संभल सर्किल का नया सीओ नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व सीओ अनुज चौधरी का तबादला चंदौसी सर्किल में किया गया है। नई जिम्मेदारी संभालते ही आलोक ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ और संवेदनशील बनाने की दिशा में सक्रियता दिखाई है।












Click it and Unblock the Notifications