अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोले साक्षी महाराज
Uttar Pradesh News: डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय, आशियाना, लखनऊ में आयोजित अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन में सांसद और महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. साक्षी महाराज ने कहा, "लोधी समाज हिन्दू, हिन्दुत्व और विकसित राष्ट्र के लिए पूर्णतः समर्पित है।"
साक्षी महाराज ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूजी कल्याण सिंह को लोधी समाज का प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा, "बाबूजी ने गांव, गरीब और मजलूमों के लिए अपना जीवन समर्पित किया और राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की राह प्रशस्त करने वाले उनके कार्य हम सबके लिए अनुकरणीय हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को हिन्दुत्व को मजबूत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करना चाहिए।"

उन्होंने समाज को संगठित कर गांव-गांव तक संगठन को पहुंचाने और राजनीति में लोधी समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
*राष्ट्रीय संरक्षक व पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने दिया एकता का संदेश*
महासभा के राष्ट्रीय संरक्षक, पूर्व सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के सुपुत्र राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने कहा, "बाबूजी ने अपने आदर्शों और सिद्धांतों से हमें प्रेरित किया। उनकी छवि और विचार आज भी हम सबके भीतर जीवित हैं। उनका अनुसरण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।"
उन्होंने संगठन को मजबूत करने और समाज में एकता बनाए रखने पर बल देते हुए कहा, "हमें मिलकर ऐसा इतिहास रचना है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बने। संगठन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।"
*शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर*
बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने समाज में शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा, "शिक्षा ही समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बना सकती है। बच्चों के लिए शिक्षण संस्थानों की स्थापना, गरीबों के लिए मुफ्त शिक्षा और संसाधनों की उपलब्धता को संगठन का प्राथमिक उद्देश्य बनाना चाहिए।" उन्होंने लोधी समाज के संघर्षमय इतिहास का जिक्र करते हुए कहा, "संघर्ष से समृद्धि की ओर बढ़ना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।"
*नई राष्ट्रीय समिति व प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा*
कार्यक्रम के दौरान साक्षी महाराज ने राष्ट्रीय समिति और सात प्रदेशों के अध्यक्षों की घोषणा की।
राष्ट्रीय समिति में संरक्षक का दायित्व, राजवीर सिंह 'राजू भैया', पूर्व सांसद, एटा को दिया गया जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी डॉ. साक्षी महाराज, सांसद, उन्नाव निर्वहन करेंगे। इसी तरह से राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में गंगा चरण राजपूत, पूर्व सांसद, हमीरपुर, उपाध्यक्ष के लिए श्रीमती प्रेमलता वर्मा, पूर्व विधायक, अतरौली, चंद्रभान सिंह, पूर्व सांसद, दमोह, मध्य प्रदेश, कोमल सिंह जंघेल, पूर्व विधायक, छत्तीसगढ़ और शंकर लाल लोधी, लखनऊ के नामों की घोषणा हुई। इनके अलावा तीन मंत्रियों में घनश्याम सिंह लोधी, पूर्व सांसद, (रामपुर), कैलाश राजपूत, विधायक, तिर्वा, (कन्नौज) और वीरेंद्र सिंह लोधी, विधायक, मारहारा (एटा) शामिल रहे। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी चंद्रपाल सिंह लोधी, विधायक, डिबाई, (बुलंदशहर) को सौंपी गये है।
*ये बने प्रदेश अध्यक्ष*
- उत्तर प्रदेश: साहब सिंह राजपूत (अलीगढ़)
- मध्य प्रदेश: महेश नारावरिया (भोपाल)
- महाराष्ट्र: राम सुरेश लोधी (मुंबई)
- गुजरात: प्रतीक राजपूत (अहमदाबाद)
- छत्तीसगढ़: गोवेंद्र पटेल (बेमेतरा)
- हरियाणा: रवि वर्मा (गुरुग्राम)
- दिल्ली: योगेंद्र राजपूत
*लोगों में दिखा उत्साह*
इस अधिवेशन में बड़ी संख्या में लोधी समाज के लोगों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान 'कल्याण सिंह जिंदाबाद' और 'जय श्रीराम' के नारों से सभागार गूंजता रहा। वक्ताओं के जोशीले संबोधनों ने लोगों में नई ऊर्जा का संचार किया।
*बाबूजी का जीवनवृत्त देख हर्षित हुआ सभागार*
कार्यक्रम के दौरान बाबूजी कल्याण सिंह के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र दिखाया गया। जब उनके अयोध्या आंदोलन और 'राम मंदिर के लिए सौ सरकारें कुर्बान' जैसे ऐतिहासिक वक्तव्यों का जिक्र हुआ, तो पूरा सभागार तालियों और जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। कुर्सियों पर बैठे लोग अपनी अपनी जगह खड़े हो गये और जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। वक्ताओं को काफी देर तक उन्हें समझाया जाता रहा, तब जाकर वे शान्त हुए और होनी अपनी कुर्सियों पर बैठे।












Click it and Unblock the Notifications