उत्तर प्रदेश में साथ आए ओवैसी और पल्लवी पटेल, कई सीटों पर लड़ेंगे चुनाव, इस पार्टी को हो सकता है नुकसान?
Lok Sabha Election 2024 News Uttar Pradesh: पल्लवी पटेल की पार्टी अपना दल (कमेरावादी) और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने यूपी में साथ चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। सपा से चल रहे विरोध के बाद पल्लवी पटेल ने यह बड़ा कदम उठाया है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इससे समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में नुकसान हो सकता है।
अपना दल (कमेरावादी) पार्टी की नेता पल्लवी पटेल अब 'पीडीएम' (पिछड़ा दलित मुस्लिम) के जरिए लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों को हराएंगी। समाजवादी पार्टी के पीडीए के मुकाबले पल्लवी की पिछड़ा दलित व मुस्लिम नेताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश है। नया गठजोड़ तीन दर्जन से अधिक लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। पल्लवी पटेल रविवार को दोपहर प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी घोषणा करेंगी।

राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन को लेकर समाजवादी पार्टी व अपना दल कमेरावादी की पल्लवी के बीच खटास हुई थी। सपा ने जया बच्चन, रामजीलाल सुमन व आलोक रंजन को प्रत्याशी बनाया था, पल्लवी इसी बात से नाराज थीं।
पल्लवी पटेल ने कहा था कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति करने वाली सपा ने पिछड़े व अल्पसंख्यकों को प्रत्याशी नहीं बनाया। कांग्रेस से भी जवाब न मिलने पर पल्लवी नए विकल्प की तलाश में जुट गईं। कोई रास्ता न दिखने पर पल्लवी रविवार को 'पीडीएम' की राजनीति करने की घोषणा करेंगी। एआइएमआइएम के असदुद्दीन ओवैसी सहित कुछ अन्य मुस्लिम नेता उनके साथ नजर आएंगे।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉक्टर महेंद्र कुमार इस गठबंधन को लेकर अपने विचार व्यक्त करते हैं। उनका कहना है कि इस गठबंधन से समाजवादी पार्टी को नुकसान हो सकता है। मुस्लिम वोटरों का बंटवारा होने की पूरी संभावना है। ऐसे में ओवैसी और पल्लवी पटेल की पार्टी का गठबंधन सपा-क्रांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ा कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications