UP News: लखनऊ के अस्पताल में लापरवाही, प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला के परिजनों से मूंगफली मांगने का आरोप
UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोकबंधु राज नारायण संयुक्त अस्पताल में लापरवाही और गैरजिम्मेदाराना रवैये का गंभीर मामला सामने आया है। गायनेकोलॉजी विभाग में एक महिला प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी, लेकिन नर्सिंग स्टाफ ने मदद करने से पहले परिजनों से मूंगफली लाने की मांग की।
परिजनों ने बड़ी मुश्किल से 100 रुपये की मूंगफली खरीदकर स्टाफ को दी, जिसके बाद महिला की जांच शुरू हुई। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, और मामला गंभीर हो गया। इसके बाद महिला को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां नवजात बच्चे की मौत हो गई।

मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले बिगड़ी स्थिति
मृतक नवजात की मां काजल, लतीफ नगर (बंथरा) की निवासी हैं। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टर ने शुरुआत में सामान्य डिलीवरी की बात कही थी। लेकिन जब देर रात महिला को प्रसव पीड़ा हुई, तो नर्सिंग स्टाफ ने मदद करने के बजाय मूंगफली लाने को कहा।
परिजन जब मूंगफली लेकर लौटे, तो स्टाफ ने जांच शुरू की और ऑपरेशन की आवश्यकता बताई। ऑपरेशन के लिए पैसे मांगे गए, लेकिन स्थिति और बिगड़ने पर महिला को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर नवजात के मुंह में गंदा पानी पाए जाने से उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
महिला के परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया है। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि अगर समय पर सही इलाज मिल जाता तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।
अस्पताल प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने जांच कमेटी गठित कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में परिजनों की शिकायत और जांच रिपोर्ट के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications