UP News: हापुड़, मुरादाबाद, बिजनौर के गांवों में रात में दिखे रहस्यमयी ड्रोन, रतजगा कर पहरा दे रहे ग्रामीण
UP News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों रातें सन्नाटे से नहीं, बल्कि डर और चौकसी से गुजर रही हैं। जैसे ही सूरज ढलता है, गांवों के ऊपर आसमान में चमकदार लाइटों से लैस ड्रोन मंडराने लगते हैं। लोग खिड़कियों से झांकने तक से डर रहे हैं।
हापुड़, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा और संभल में पिछले कुछ दिनों से यह सिलसिला लगातार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि हर रात अलग-अलग गांवों में ये ड्रोन उड़ते दिखाई देते हैं। कई जगह तो लोग अब रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने ड्रोन की गतिविधियों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं। वहीं, इन उड़ानों को लेकर तमाम तरह की अफवाहें भी तैर रही हैं। कोई इन्हें चोरों का हथियार बता रहा है, तो कोई जासूसी की साजिश मान रहा है।
हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर, तिगरी और राजपुर में लगातार दो रातों तक ड्रोन उड़ने की खबर है। गांववालों का दावा है कि ड्रोन हर शाम को एक तय समय पर उड़ते हैं और कुछ देर बाद अचानक गायब हो जाते हैं।
ड्रोन की ऊंचाई इतनी होती है कि ग्रामीणों द्वारा फेंके गए पत्थर भी उन तक नहीं पहुंच पाते। घरों की छतों पर चढ़ना अब जोखिम भरा हो गया है। कुछ इलाकों में लोग छतों पर जाना ही बंद कर चुके हैं और रात होते ही दरवाजे बंद कर लेते हैं।
पुलिस गश्त तेज, हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई
डायल 112 की टीमें सतर्क हैं और हर सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच रही हैं। बक्सर, राजपुर, झड़ीना जैसे गांवों में पुलिस ने हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सतर्क रहने की हिदायत दी।
सिंभावली और गढ़ कोतवाली की पुलिस को विशेष जांच के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने को कहा गया है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और टीमों का गठन भी किया गया है।
गांव वाले कह रहे- ये चोरों की चाल
कुछ ग्रामीणों का मानना है कि ये ड्रोन चोरों द्वारा उड़ाए जा रहे हैं ताकि घरों की स्थिति, संपत्ति और लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसी आधार पर आगे चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा सकता है।
इस आशंका को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अमरोहा, बिजनौर और मुरादाबाद में भी इसी तरह के ड्रोन देखे जाने की रिपोर्टें सामने आई हैं। स्थानीय प्रशासन ने ड्रोन उड़ाने वालों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
संभल से लेकर मुरादाबाद तक फैला डर
संभल के असमोली क्षेत्र में ग्रामीणों ने रात में उड़ते ड्रोन कैमरों की सूचना दी है। लोगों का कहना है कि हर शाम के बाद वे छतों की ओर नहीं, बल्कि आसमान की ओर देखने लगते हैं। डर के कारण कुछ लोग घरों की छतों पर पहरा दे रहे हैं।
मुरादाबाद के पाकबड़ा और अगवानपुर गांवों में भी ड्रोन देखे गए हैं। कई गांवों में युवाओं ने टोलियां बनाकर पहरेदारी शुरू कर दी है। कांठ, छजलैट और ठाकुरद्वारा क्षेत्र पहले ही इस ड्रोन संकट से जूझ रहे हैं।
अब तक की जांच में पुलिस को कोई पुख्ता सबूत हाथ नहीं लगा है। कुछ युवाओं से पूछताछ की गई है, जो शादियों या आयोजनों में ड्रोन इस्तेमाल करते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई सीधा आरोप सिद्ध नहीं हुआ है।
रिपोर्ट की मानें तो बिजनौर के चांदपुर, स्योहारा और नूरपुर में भी ग्रामीणों ने शुक्रवार रात ड्रोन देखे जाने की बात कही है। लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ युवाओं ने पत्थर फेंककर ड्रोन गिराने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।












Click it and Unblock the Notifications