UP News: जेवर एयरपोर्ट के पास जमीन दिलाने का झांसा देकर कराेड़ों की ठगी, 20 महीने बाद पकड़ाया आरोपी
UP News: जेवर एयरपोर्ट के नाम पर जमीन दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को नोएडा पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी रविन्द्र शर्मा करीब 20 महीने से फरार चल रहा था और उस पर 50000 रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
पकड़े जाने के बाद नोएडा थाना सेक्टर-63 की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रविन्द्र पर आरोप है कि उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर नकली दस्तावेजों के जरिए जमीन बेचने का नाटक किया और 24 करोड़ रुपये हड़प लिए।

यह मामला सबसे पहले दिसंबर 2023 में सामने आया था। इस दौरान कई लोगों ने सेक्टर-63 थाने में शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास प्राइम लोकेशन पर जमीन का लालच देकर लोगों संग ठगी की गई थी।
फर्जी रजिस्ट्री और दस्तावेजों से रचा गया पूरा खेल
जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके साथियों ने रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज और मालिकाना हक जैसे कानूनी दस्तावेजों की नकली कॉपी बनाकर पीड़ितों को भरोसे में लिया। इसके बाद जमीन के एवज में रकम वसूली गई और फिर सभी आरोपी फरार हो गए।
यह भी पता चला कि पुलिस ने अब तक इस मामले में 22 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। फिलहाल इस मामले में रविन्द्र शर्मा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
ऐसे पुलिस की पकड़ में आया आरोपी
नोएडा के एडिशनल डीसीपी हरदेश कुमार ने बताया कि रविन्द्र को गांव हमीदपुर के पास एक्सप्रेसवे चढ़ने वाले कट से गिरफ्तार किया गया। इस ऑपरेशन में मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस दोनों का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने के लिए तकनीकी निगरानी की गई और जैसे ही उसकी गतिविधि की पुष्टि हुई। उसके बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई उसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया।
घटना के बाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रॉपर्टी डील में शामिल होने से पहले दस्तावेजों की पूरी जांच करें। भूलेख, स्वामित्व और कानूनी स्थिति की पुष्टि करने के बाद ही किसी से जमीन खरीदें या उसे रुपए दें।












Click it and Unblock the Notifications