UP News: AKTU के पूर्व कुलपति प्रो विनय पाठक को मिली बड़ी राहत, राज्यपाल आनंदीबेन ने उठाया ये कदम
Uttar pradesh: यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एकेटीयू के पूर्व कुलपति प्रो विनय पाठक के खिलाफ चल रही जांच को रद्द कर दिया है। पाठक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे जिसको लेकर उनके खिलाफ जांच चल रही थी।

Uttar pradesh: उत्तर प्रदेश की राजधानी में स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के पूर्व कुलपति प्रो विनय पाठक को बड़ी राहत मिली है। उनके खिलाफ जारी जांच आदेश को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रद्द कर दिया है। कुछ महीने पहले ही एकेटीयू के पूर्व कुलपति के खिलाफ जांच शुरू की गई थी।
राज्यपाल के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) पंकज एल जानी को जारी आदेश में कहा गया है कि वीसी द्वारा जांच के लिए एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश को नामित करने वाला जांच आदेश नियमों और विनियमों के अनुसार नहीं है। आदेश में कहा गया है कि केवल राज्यपाल, जो राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी हैं के पास किसी भी जांच को शुरू करने की शक्ति है।
एकेटीयू ने पूर्व कुलपति प्रोफेसर पाठक के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। समिति का गठन यूजीसी के निर्देश पर किया गया था।
प्रोफेसर पाठक वर्तमान में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति हैं। पहले से ही भ्रष्टाचार के आरोपों में सीबीआई जांच का सामना कर रहे हैं। एकेटीयू के वीसी के रूप में उनका कार्यकाल 2022 में समाप्त हुआ था।
पूर्व कुलपति प्रोफेसर मिश्रा द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कुमार श्रीवास्तव समिति के अध्यक्ष थे। पाठक के शासन में कथित भ्रष्टाचार की जांच के लिए पिछले नवंबर में एकेटीयू को यूजीसी और सरकार से एक पत्र मिला।












Click it and Unblock the Notifications