लोकसभा उपचुनाव: रामपुर से आजम खान की पत्नी और आजमगढ़ से धर्मेंद्र यादव को टिकट देगी सपा
लखनऊ, 06 जून। उत्तर प्रदेश में लोकसभा उपचुनाव को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। उत्तर प्रदेश में रामपुर और आजमगढ़ की लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है। दोनों ही सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने पहले ही अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। अब समाजवादी पार्टी की ओर से भी दोनों सीटों पर संभावित उम्मीदवार का नाम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार रामपुर लोकसभा सीट से सपा आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा को टिकट दे सकती है जबकि आजमगढ़ से धर्मेंद्र यादव को टिकट दिया जा सकता है।

Recommended Video
दरअसल जिस तरह से आजम खान और अखिलेश यादव के बीच दूरी की खबरें सामने आ रही थीं उसके बाद अलग-अलग कयास लगाए जा रहे थे। जब सीतापुर की जेल से आजम खान रिहा हुए तो सपा का कोई भी बड़ा नेता उन्हें लेने नहीं गया। हालांकि शिवपालय यादव यहां पहुंचे थे। लेकिन हाल ही में जब आजम खान की तबीयत बिगड़ी तो अखिलेश यादव उनसे अस्पताल मिलने पहुंचे और उनका हालचाल लिया। बहरहाल देखने वाली बात यह है कि क्या आजम खान और अखिलेश यादव के बीच की दूरी अब पूरी तरह से खत्म हो गई है।
बता दें कि आजमगढ़ की सीट अखिलेश यादव के इस्तीफा देने से खाली हुई थी जबकि रामपुर की सीट आजम खान के इस्थीपा देने के बाद खाली हुई थी। दोनों सीटें खाली होने की वजह से यहां उपचुनाव होने जा रहा है। आजमगढ़ से भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर से भोजपुरी गायक व अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ को टिकट दिया है जबकि रामपुर से पार्टी ने घनश्याम लोधी को टिकट दिया है। वहीं मायावती ने आजमगढ़ से गुड्डू जमाली को टिकट दिया है।
गौर करने वाली बात है कि लोकसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 6 जून है, जबकि 23 जून को वोटिंग होगी और 26 जून को वोटों की गिनती होगी। बता दें कि यूपी के अलावा आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा, झारखंड में भी लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव होंगे।












Click it and Unblock the Notifications