PM Kisan Yojana: यूपी के किसानों को बड़ा झटका! 8000 हजार लाभार्थियों से सरकार वापस लेगी सम्मान निधि की रकम
PM Kisan Samman Nidhi Yojana: यूपी के इटावा जिले में करीब 8000 किसानों को बड़ा झटका लगा है। इन किसानों से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिली राशि वापस ली जाएगी। कृषि विभाग ने ऐसे किसानों की सूची तैयार कर ली है, जो आयकर के दायरे में आते हैं, फिर भी उन्होंने इस योजना का लाभ लिया।
प्रशासन ने इन किसानों से करीब 30 करोड़ रुपये की राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला उप कृषि निदेशक आर.एन. सिंह ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2,79,461 किसान लाभार्थी के रूप में शामिल हैं। इनमें से 7,924 किसान ऐसे पाए गए हैं, जो आयकर दाता हैं।

अब इन सभी किसानों से योजना की 19 किस्तों की पूरी राशि वापस ली जाएगी। सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और राजस्व विभाग एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गहन जांच कर रही है।
गलत जानकारी देकर लिया लाभ
अधिकारियों के अनुसार, जब योजना की शुरुआत 2019 में हुई थी, तब किसानों से शपथ पत्र के माध्यम से जानकारी ली गई थी। कई किसानों ने यह तथ्य छुपा लिया कि वे आयकर दाता हैं और योजना के लिए पात्र नहीं हैं। हाल ही में जब आधार कार्ड से डेटा सत्यापन किया गया, तो यह सामने आया कि आयकर देने वाले किसानों ने योजना का लाभ लिया है। अब सरकार इनसे पूरी राशि वसूलने की तैयारी कर रही है।
नोटिस जारी करने की तैयारी
सत्यापन के बाद किसानों को स्वयं ही राशि लौटाने के लिए कहा जा रहा है। यदि कोई किसान स्वेच्छा से राशि वापस नहीं करता, तो उसे कानूनी नोटिस जारी किया जाएगा। राजस्व विभाग और कृषि विभाग मिलकर सभी लाभार्थियों की गहन जांच कर रहे हैं।
जांच में यह भी पाया गया है कि कई सरकारी पेंशनभोगी, शिक्षामित्र और एक ही परिवार के कई सदस्य इस योजना का लाभ ले रहे थे। कुछ मामलों में तो पति-पत्नी दोनों को सम्मान निधि मिल रही थी, जबकि कुछ जगहों पर नाबालिग बच्चों के नाम पर भी यह पैसा लिया गया था।
कितनी राशि का हुआ वितरण?
इटावा जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक 751 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत हर किसान को सालाना 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। हालांकि, अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अपात्र किसानों से एक-एक पैसा वसूला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications