UP International Trade Show: नए उत्तर प्रदेश की चमक दिखाएगा ट्रेड शो-2025, ग्रेटर नोएडा में लगेगी प्रदर्शनी
UP International Trade Show 2025: उत्तर प्रदेश सरकार अब एक बार फिर अपने विकास और सांस्कृतिक समृद्धि को दुनिया के सामने पेश करने की तैयारी में जुट गई है। ग्रेटर नोएडा में इस बार 25 से 29 सितंबर के बीच तीसरे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2025) का आयोजन किया जाएगा। इस इवेंट के जरिए प्रदेश की ताकत, निवेश संभावनाएं और सांस्कृतिक विविधता को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर दिखाया जाएगा।
ट्रेड शो की जिम्मेदारी इस बार प्रदेश के 35 अलग-अलग विभागों के नोडल अधिकारियों को सौंपी गई है। इसके तहत 50 हजार स्क्वायर मीटर के विशाल क्षेत्र में 12 श्रेणियों में बंटी हुई 48 स्टेकहोल्डर्स की प्रदर्शनी लगेगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निवेश और उद्यमिता के केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

प्रदेश की बहुआयामी उपलब्धियों को दिखाने के साथ-साथ इस आयोजन में स्थानीय उत्पादों को भी विशेष रूप से प्रमोट किया जाएगा। ओडीओपी और जीआई टैग प्रोडक्ट्स की भव्य प्रदर्शनी इस बार शो का मुख्य आकर्षण रहने वाली है।
35 विभाग मिलकर संभालेंगे आयोजन की कमान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। मिशन डायरेक्टर, विशेष सचिव, निदेशक और आयुक्त स्तर के अधिकारी मिलकर इस आयोजन की सफलता सुनिश्चित करेंगे।
शो में यूपी इन्वेस्ट, एमएसएमई, कृषि, ऊर्जा, स्वास्थ्य, पर्यटन, इलेक्ट्रॉनिक्स, खादी और पशुपालन जैसे विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। हर विभाग के लिए स्पष्ट जिम्मेदारी तय कर दी गई है ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुनियोजित तरीके से हो सके।
12 श्रेणियों में होगी प्रदर्शनी, 48 स्टेकहोल्डर्स होंगे शामिल
प्रदर्शनी को 12 अलग-अलग कैटेगरी में विभाजित किया गया है। इनमें इंडस्ट्री, एमएसएमई, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा, पर्यटन, वित्त और ईवी सेक्टर शामिल हैं।
एमएसएमई सेक्टर विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहेगा, जो अकेले 15,700 वर्ग मीटर क्षेत्र में अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करेगा। इससे इस क्षेत्र की विविधता और ताकत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उभरने का मौका मिलेगा।
जीआई टैग और ओडीओपी उत्पादों की झलक
इस बार ट्रेड शो में जीआई टैग और 'एक जिला एक उत्पाद' (ओडीओपी) के तहत आने वाले उत्पाद खास आकर्षण रहेंगे। आगरा का पेठा, मलिहाबाद का आम, मुरादाबाद का ब्रासवर्क, बनारस की साड़ी और भदोही का कालीन जैसे विशेष उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने पेश किया जाएगा।
'वोकल फॉर लोकल' अभियान के तहत इन उत्पादों का प्रचार कर उनके निर्यात को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। इससे न केवल प्रदेश के कारीगरों और किसानों को नया बाज़ार मिलेगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान हेल्थ, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा निर्माण, कृषि प्रौद्योगिकी और नवीनीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश के एमओयू (समझौते) भी होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications