DDU University में वार्षिक एवं सम सेमेस्टर परीक्षाओं के दूसरे दिन 19,089 छात्र-छात्राएं हुए शामिल
DDU University News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं इससे संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2024-25 की वार्षिक परीक्षा तथा सम सेमेस्टर की परीक्षाएं आज दूसरे दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। आज की परीक्षा के लिए कुल 19,260 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 19,089 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 171 अनुपस्थित रहे। परीक्षाओं का आयोजन दो पालियों में किया गया।
प्रथम पाली प्रातः 8:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें कुल 3,119 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 3,029 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 90 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली अपराह्न 1:00 बजे से 4:00 बजे तक संपन्न हुई, जिसमें कुल 16,141 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 16,060 उपस्थित रहे तथा 81 अनुपस्थित रहे।

*विश्वविद्यालय परिसर में 4169 परीक्षार्थी हुए शामिल*
केवल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित परीक्षाओं में कुल 4,557 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें प्रथम पाली में 2,219 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,951 उपस्थित और 268 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 2,338 थी, जिनमें से 2,218 उपस्थित तथा 120 अनुपस्थित रहे।
*अधिष्ठातागण के नेतृत्व में संचालित हो रही परीक्षाएं*
विश्वविद्यालय ने इस बार वर्षों पुरानी परीक्षा संचालन व्यवस्था को पुनः लागू किया है। कुलपति प्रो. पूनम टंडन के निर्देश पर यह व्यवस्था प्रभावी की गई है, जिसके अंतर्गत विभिन्न संकायों के अधिष्ठातागण परीक्षाओं का संचालन कर रहे हैं। वर्तमान परीक्षाओं में प्रथम पाली में अधिष्ठाता विज्ञान संकाय प्रोफेसर शांतनु रस्तोगी ने केंद्राध्यक्ष की भूमिका निभा रहे, जबकि द्वितीय पाली में अधिष्ठाता कला संकाय प्रोफेसर राजवंत राव परीक्षा केंद्र का संचालन कर रहे हैं।
*कुलपति ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण*
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने परीक्षा संचालन पर सतत निगरानी रखी तथा समस्त अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। आज कुलपति ने शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज में संचालित परीक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम जाकर सीसीटीवी कैमरे की जांच की और परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता व निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित परीक्षाओं के विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण भी किया और परीक्षार्थियों से संवाद करते हुए परीक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, उन्होंने आईसीटी सेल का भी निरीक्षण किया और परीक्षाओं के सुचारु व पारदर्शी संचालन के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।












Click it and Unblock the Notifications