Free Scooter Scheme: योगी सरकार की नई पहल, लड़कियों को मिलेगी मुफ्त स्कूटी, कैसे होगा आवेदन?
Free Scooter Scheme: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार राज्य की छात्राओं और महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आई है। सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना की घोषणा की है, जिसके तहत छात्राओं को मुफ्त में स्कूटर प्रदान किया जाएगा।
इस योजना के लिए राज्य सरकार ने 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इस योजना का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है ताकि वे बिना किसी रुकावट के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने और उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार नई योजनाएं चलाई जा रही हैं। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना भी इसी कड़ी का एक हिस्सा है। राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना से उन छात्राओं को अधिक लाभ मिलेगा जो ग्रामीण क्षेत्रों से आती हैं।
इसके अलावा जो लड़कियां परिवहन की कमी के कारण अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पातीं। यह योजना सरकार की 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' पहल को भी मजबूती प्रदान करेगी। स्कूटी मिलने के बाद छात्राएं आसानी से स्कूल और काॅलेज जा सकती हैं।
किन छात्राओं को मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ 12वीं कक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को मिलेगा। राज्य सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश बोर्ड के साथ-साथ सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की छात्राओं को भी स्कूटी दी जाएगी।
इसके अलावा, योजना के तहत स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई कर रही छात्राओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी। फ्री स्कूटर योजना का लाभ पाने के लिए पात्र छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। राज्य सरकार जल्द ही इसके लिए एक पोर्टल लॉन्च करने जा रही है।
इस पोर्टल पर छात्राएं अपने शैक्षणिक दस्तावेज अपलोड करके आवेदन कर सकेंगी। इसके बाद सरकार द्वारा तय मानकों के अनुसार योग्य छात्राओं का चयन किया जाएगा और उन्हें स्कूटी प्रदान की जाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अन्य योजनाओं पर भी कार्य कर रही है।
जल्द ही इस योजना का भी मिलेगा लाभ
सरकार जल्द ही 'छात्रा आवास योजना' की भी शुरुआत करेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से पढ़ाई के लिए शहर आने वाली छात्राओं को सुरक्षित और किफायती आवास सुविधा मिलेगी। इस योजना से प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और अन्य प्रमुख शहरों में छात्रावासों का निर्माण किया जाएगा।
कैसे करें आवेदन?
सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक वेबसाइट या पोर्टल की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही इसकी जानकारी दी जाएगी। इच्छुक छात्राओं को सलाह दी जाती है कि वे उत्तर प्रदेश सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस योजना से जुड़ी ताजा अपडेट लेते रहें।












Click it and Unblock the Notifications