UP Encounter में मारा गया शाहरुख पठान कौन था, क्यों बना यूपी पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द? जानिए पूरी कहानी
UP Encounter News: पश्चिम यूपी की अपराध की दुनिया में दहशत का दूसरा नाम बन चुका शाहरुख पठान अब खत्म हो चुका है। सोमवार तड़के मेरठ में STF की फील्ड यूनिट ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा थी।
मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला शाहरुख कई बड़े गैंगस्टरों का करीबी बताया जा रहा था। उसके खिलाफ हत्या, धमकी, और रंगदारी जैसे गंभीर आरोपों में आधा दर्जन से ज्यादा केस दर्ज थे। शाहरुख को पिछले कुछ वर्षों में पश्चिम यूपी के सबसे खतरनाक शूटरों में गिना जाता था।

पुलिस सूत्रों की मानें तो वह बेहद शातिर दिमाग और तेज फैसले लेने वाला अपराधी था। जेल में रहते हुए उसकी आपराधिक समझ और नेटवर्क और भी मजबूत हो गया था। उसके बाद जेल से बाहर आने के बाद वह फिर घटनाओं को अंजाम देने लगा।
जेल से निकलकर बना गैंगों का भरोसेमंद शूटर
सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2015 में वह पुलिस कस्टडी में रहते हुए एक हत्या को अंजाम देकर पहली बार सुर्खियों में आया था। मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर उसने एक शख्स की हत्या कर दी थी, जो बाद में उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का आधार बना।
इसके बाद जेल में उसकी मुलाकात पूर्वांचल के बाहुबली मुख्तार अंसारी और कुख्यात गैंगस्टर संजीव जीवा से हुई। वहीं से उसका जीवन पूरी तरह अपराध की ओर मुड़ गया। उसने गैंग के लिए काम करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते उनका भरोसेमंद शूटर बन गया।
हत्या के गवाहों पर हमलों में भी नाम आया सामने
2017 में हरिद्वार में हुए एक दोहरे हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया था। इसमें उसने कथित रूप से एक व्यापारी और एक गवाह के पिता की हत्या की थी। इस वारदात के बाद पुलिस ने उस पर 50,000 रुपए का इनाम घोषित कर दिया था।
कुछ समय बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हालांकि पकड़े जाने तक वह कई अपराधों को अंजाम दे चुका था। गोल्डी हत्याकांड में उसे और जीवा दोनों को उम्रकैद की सजा मिली थी। हालांकि, बाद में शाहरुख जमानत पर जेल से बाहर आ गया था।
फिर से सक्रिय हो गया था अपराध की दुनिया में
जेल से बाहर आने के बाद भी शाहरुख ने अपनी गतिविधियां नहीं रोकीं। वह एक बार फिर गवाहों को धमकाने और हत्या की साजिश करने लगा। इसी दौरान संभल जिले में उस पर हत्या के प्रयास का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। उसके बाद पुलिस उसे तलाशने लगी।
एसटीएफ को लंबे समय से उसकी तलाश थी, लेकिन वह लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहता था। सोमवार सुबह मेरठ के बाहरी इलाके में उसे घेरने की कोशिश की गई जहां पुलिस टीम पर वह गोली चलाया और जवाबी फायरिंग में मारा गया।
मुठभेड़ के बाद शाहरुख के पास से कई खतरनाक हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें एक बरेटा पिस्टल, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की बनी रिवॉल्वर और एक देसी तमंचा शामिल हैं। फिलहाल, पुलिस टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications