पीएम मोदी ने BSP को बताया बहनजी संपत्ति पार्टी, इस चुनाव में लगी है फुल फॉर्म बताने की होड़
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में राजनेता और पार्टियों के प्रचारक, बयान और शब्दों के फुलफॉर्म बताकर जनता का मन और वोट मोहना चाहते हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में नेता और पार्टियों के स्टार प्रचारक बयानों के जरिए नाम से लेकर शब्दों तक फुलफॉर्म बता रहे हैं। कोई एक किसी चीज का फुलफॉर्म अपने अंदाज में बताता है, तो जवाब में कुछ नए बयान और शब्द आते हैं। इस चुनाव में शुरुआत में भारत के प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक नरेंद्र मोदी ने SCAM शब्द का फुलफॉर्म बताने से शुरुआत की और फिर चल पड़ा सिलसिला।

जब मोदी ने बताया फुलफॉर्म
सोमवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। उत्तर प्रदेश के जालौन स्थित ऊरई में रैली के दौरान भाजपा के स्टार प्रचारक मोदी ने बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और राज्यसभा सांसद मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरी बसपा 'बहन जी संपत्ति पार्टी' बन गई है।
इसके थोड़ी देर बाद प्रदेश के ही सुल्तानपुर में रैली के दौरान मायावती ने पीएम मोदी के नाम का फुलफॉर्म बता दिया।

और जब माया ने बताया फुलफॉर्म
यहां रैली के दौरान माया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने शादी की और अपनी पत्नी को छोड़ दिया, मैंने शादी नहीं की, मैंने अपनी पूरी जिंदगी इस देश के दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज को उनके पैरों पर खड़ा करने की कोशिश की है। मेरे इस समर्पण की वजह से पूरे देश के कमजोर जाति के लोग मुझे सिर्फ नेता नहीं बल्कि अपनी संपत्ति और धरोहर मानते हैं।
लेकिन पीएम ने आज जो बसपा की परिभाषा बताई हैं, अगर वह जुमलेबाजी में माहिर हैं तो दलित की बेटी उनसे दो कदम आगे हैं पीछे नहीं है। आप लोगों को मालूम है पीएम का पूरा नाम नरेंद्र दामोदर दास मोदी, नरेंद्र का मतलब होता है नेगेटिव, दामोदर दास का मतलब दलित और मोदी का मतलब होता है आदमी यानी वह दलित विरोधी आदमी है। अपने देश के प्रधानमंत्री के नाम में ही यह जुड़ा है कि वह दलित विरोधी आदमी है, वो दलित विरोधी आदमी हैं। ऐसे में इस आदमी को यह अच्छा नहीं लगता है कि दबा कुचला वर्ग अपने अभियान को थोड़े जमा पैसों से चलाएं।

मैं कभी घटिया किस्म की बातें नहीं करती
मोदी की ओर से बसपा का फुलफॉर्म बताए जाने पर काफी गुस्से में माया ने रैली में कहा कि नरेंद्र मोदी को मालूम ही नहीं था कि दिल्ली के नेशनल बैंक में गरीब और मजलूम लोगों का पैसा जमा हो गया, जब इन्हें पता चला तो कहने लगे कि यह पैसा कहां आ गया। यह मेरे लोगों की खून पसीने की कमाई का पैसा है और इसी पैसे से बसपा यह चुनाव लड़ रही है यह उन्हें अच्छा नहीं लग रहा है। दलित की बेटी हेलीकॉप्टर से घूमे, जहाज से घूमे इन्हें पसंद नहीं है, ये चाहते थे कि मैं सड़क पर आ जाउं और हेलीकॉप्टर से नहीं चल पाउं। कहा कि भाजपा के लोग पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखो कि नोटबंदी से पहले 10 महीने में कितना पैसा जमा हुआ। लेकिन इसका जवाब देने के लिए नेगेटिव दलित मैन तैयार नहीं है। मैं कभी यह घटिया किस्म की बाते नहीं करती, लेकिन मुझे मजबूर किया, उन्होंने बसपा की परिभाषा बताई है, मैंने नरेंद्र मोदी का पूरा सही नाम बता दिया है।

मोदी ने फिर कहा
वहीं ऊरई की रैली में मोदी ने कहा था कि उत्तर प्रदेश बर्बाद हो गया है। उन्होंने कहा कि यूपी में सरकार को बैठे लोगों को लगता है कि वह सीटें कहीं और से जीत लेंगे, बुंदेलखंड से उन्हें कोई मतलब नहीं है। पीएम ने कहा था कि बुंदलखंड के लोगों के लिए आवाज उठेगी और उनकी समस्याओं को खत्म करने के लिए एक अलग बुंदलेखंड विकास बोर्ड बनाया जाएगा और इसकी निगरानी सीएम कार्यालय ही करेगा और हर हफ्ते इसका हिसाब मांगा जाएगा।
ये भी पढ़ें: हरदोई: बूथ पर ड्यूटी की वजह से नहीं मिली छुट्टी, महिला की हुई मौत












Click it and Unblock the Notifications