UP: मंच पर अचानक फूट-फूटकर रो पड़े बृजेश पाठक, डिप्टी सीएम का सबसे भावुक VIDEO VIRAL
Brajesh Pathak Emotional Video Viral: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का एक बेहद भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मेरठ में आयोजित एक कवि सम्मेलन के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि वह मंच पर बच्चों की तरह फूट-फूटकर रोने लगे।
दरअसल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में जब बृजेश पाठक संबोधन के लिए खड़े हुए, तो उन्होंने अपनी चमक-धमक वाली जिंदगी के पीछे छिपा संघर्ष को दुनिया के सामने रखा।

बोलते-बोलते आंखों से बहने लगे आंसू
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि, वह खुद को डिप्टी सीएम नहीं गरीब जनता का सेवक मानते हैं। उन्होंने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने कई मुश्किलों का सामना किया। उन्होंने गरीबी को बहुत नजदीक से देखा है। इस दौरान वह इतने भावुक हो गए कि कुछ पल के लिए उनके शब्द रुक गए और आंखों से आंसू बहने लगे।
क्या हुआ जब पहली बार लखनऊ आए बृजेश पाठक?
उन्होंने बताया कि, जब मैं पहली बार पढ़ाई और राजनीति के लिए लखनऊ आया, तब मेरे पास पहनने के लिए जूते तक नहीं थे। मैंने वो कड़ाके की सर्दी बिना जूतों के काटी है।' डिप्टी सीएम ने रुआंसी आवाज में कहा कि वे खुद को उपमुख्यमंत्री नहीं, बल्कि 'गरीबों का सेवक' मानते हैं।
उन्होंने कहा कि, मैंने गरीबी को जिया है, इसलिए जब भी किसी गरीब को देखता हूं, तो मेरा दिल बैठ जाता है। उनकी पीड़ा को मैं महसूस कर सकता हूं।'
मंच पर जब सूबे के दिग्गज नेता की आंखों से आंसू बहने लगे, तो वहां मौजूद कवि और जनता भी सन्न रह गई। डिप्टी सीएम के आंसू और उनके संघर्ष की यह कहानी अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने साफ किया कि उनका एकमात्र लक्ष्य सरकार की योजनाओं को समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि किसी को वो अभाव न झेलना पड़े जो उन्होंने झेला।












Click it and Unblock the Notifications