फर्रुखाबाद सीट को लेकर नाराज सलमान खुर्शीद के बयान पर कांग्रेस की सफाई, देखें पार्टी ने क्या कहा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच हुए सीट बंटवारे पर असंतोष जताया है। फर्रुखाबाद लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी (सपा) के पास जाने पर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए पूछा कि उन्हें कितनी बार निर्वाचन क्षेत्र से अपना रिश्ता साबित करना होगा।
सलमान खुर्शीद के इस बयान के बाद कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे का बयान सामने आया है। पांडे ने कहा कि सलमान ने ये बयान फर्रुखाबाद की जनता के लिए दिया होगा। दरअसल, फर्रुखाबाद सलमान खुर्शीद का गढ़ रही है और इसके सपा के खाते में जाने से वो नाराज हैं।

उनके बयान पर अब कांग्रेस का रिएक्शन सामने आया है। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा, ''सलमान खुर्शीद खुद गठबंधन के लिए बनी हाई पावर कमेटी के सदस्य हैं। उन्होंने फर्रुखाबाद की जनता के लिए ऐसा कहा होगा।''
गठबंधन में कोम्प्रोमाईज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "हम उनकी (सलमान खुर्शीद) भावनाओं का सम्मान करते हैं लेकिन जब गठबंधन होता है, तो आपको बेहतर और बड़ी चीजों के लिए कुछ चीजों को छोड़ना पड़ता है। हमें उम्मीद थी कि फर्रुखाबाद हमें मिलेगा लेकिन सीट बंटवारे के संबंध में अंतिम निर्णय में फर्रुखाबाद शामिल नहीं था... हमने फर्रुखाबाद और कुछ अन्य सीटों के संबंध में समाजवादी पार्टी से अपील की थी..."
फर्रुखाबाद सीट सपा के पास जाने के बाद सलमान खुर्शीद ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए एक्स पर लिखा, "फर्रुखाबाद से मेरे रिश्तों के कितने इम्तहान का सामना करना पड़ेगा? सवाल मेरा नहीं पर हमारे सब के मुस्तकबिल का है, आने वाली नस्लों का है। किस्मत के फैसलों के सामने कभी झुका नहीं। टूट सकता हूं , झुकूंगा नहीं। तुम साथ देनेका वादा करो, मैं नघमे सुनाता रहूं।"
आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस और सपा के बीच घोषित सीट-बंटवारे समझौते के अनुसार, उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से सपा 63 सीटों पर और कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications