आज यूपी कैबिनेट की बैठक, सीएम योगी आदित्यनाथ ले सकते हैं किसानों की कर्ज माफी का फैसला
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव से पहले वादा किया था कि अगर सूबे में भाजपा की सरकार बनी तो छोटे और सीमांत किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।
लखनऊ। यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट की पहली बैठक होगी। बैठक लखनऊ में शाम 5 बजे होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि सीएम आदित्यनाथ कैबिनेट की बैठक में किसानों के कर्ज माफी को लेकर बड़ा फैसला ले सकते हैं। यूपी में 2 करोड़ से ज्यादा छोटे और सीमांत किसान हैं, जिनपर करीब 60 हजार करोड़ रुपए का कर्ज है।

चुनाव से पहले पीएम ने किया था वादा
आपको बता दें कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव से पहले वादा किया था कि अगर सूबे में भाजपा की सरकार बनी तो छोटे और सीमांत किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च को सीएम पद की शपथ ली थी, जिसके बाद आज कैबिनेट की पहली बैठक होने जा रही है। इस बैठक को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि सीएम योगी आदित्यनाथ किसानों को बड़ी सौगात दे सकते हैं।

'पूरा करेंगे किसानों से किया हुआ वादा'
सोमवार को जब इस संबंध में यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से बात की गई तो उन्होंने साफ संकेत दिए कि किसानों के कर्ज माफी को लेकर सरकार गंभीर है। सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यूपी के किसानों से हमने जो वायदा किया था उसे जल्द से जल्द पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के कर्ज को माफ करने के लिए हम केंद्र से मदद नहीं मागेंगे और अपने ही संसाधनों ने इसे पूरा करेंगे।

किसानों की निगाहें कैबिनेट बैठक पर
हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा था कि वह यूपी के किसानों की कर्ज माफी के लिए योगी सरकार की आर्थिक मदद नहीं करेंगे। इसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा अपने वायदे से पीछे हट सकती है, लेकिन प्रदेश के कृषि मंत्री ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि वह अपने वायदे को पूरा करेंगे। अब प्रदेश भर के किसानों की निगाहें आज शाम होने वाली बैठक पर टिकी हैं।

हाल ही में बुंदेलखंड को दी है बड़ी सौगात
इससे पहले बीते शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड के किसानों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए इलाके के लिए करोड़ों की धनराशि जारी की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय से दी गई जानकारी के मुताबिक बुंदेलखण्ड में पानी की समस्या को कम करने के लिए 47 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की गई है। इस दौरान सीएम योगी ने यह निर्देश भी दिया है कि समय पर बुंदेलखण्ड की सभी सिंचाई और पेयजल परियजोनाएं पूरी कर ली जाएं। ये भी पढ़ें- भगवा कपड़ों को लेकर योगी आदित्यनाथ ने कही बड़ी बात












Click it and Unblock the Notifications