सीएम योगी आदित्यनाथ का पहला इंटरव्यू, पढ़िए खास बातें
सीएम ने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि साल के 365 दिन में केवल 120 दिन सरकारी स्कूलों में पढ़ाई होती है। हम इसे बढ़ाकर 220 दिन करेंगे।
लखनऊ। सीएम बनने के बाद से ही अपने ताबड़तोड़ फैसलों के चलते सुर्खियां बटोर रहे योगी आदित्यनाथ अब यूपी की शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना चाहते हैं। बुधवार को दूरदर्शन को दिए एक खास इंटरव्यू में सीएम योगी ने कहा कि यूपी में शिक्षा के हालात ठीक नहीं हैं। इस दिशा में कड़े कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

छात्रों को पढ़ाई जाएगी एक विदेशी भाषा
दूरदर्शन को दिए इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र से प्रदेश की जनता को यूपी की शिक्षा व्यवस्था में सुधार दिखने लगेगा। सरकार सभी सरकारी स्कूलों में 11वीं और 12वीं के छात्रों को एक विदेशी भाषा पढाए जाने पर विचार कर रही है। इससे हमारे छात्रों को विदेश में रिसर्च के दौरान तीन महीने वहां की यूनिवर्सिटी में भाषा सीखने के लिए नहीं बिताने पड़ेंगे। सीएम ने कहा कि स्कूलो के पाठ्यक्रम को राष्ट्रवाद, देशभक्ति और संस्कृति से जोड़ा जाएगा।

365 दिन में केवल 120 दिन पढ़ाई क्यों?
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के हालात बेहद खराब हैं। प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा में आमूल-चूल परिवर्तन की आवश्यकता है। प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अंदर किसी तरह की हीनभावना पैदा ना हो, इसके लिए हम उन्हें अच्छी यूनिफॉर्म देंगे। उनकी शिक्षा को आधुनिक शिक्षा से जोड़ेंगे। सीएम ने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि साल के 365 दिन में केवल 120 दिन सरकारी स्कूलों में पढ़ाई होती है। हम इसे बढ़ाकर 220 दिन करेंगे।

चेहरा देखकर नहीं होगी कार्रवाई
सीएम योगी से जब हिंदू राष्ट्र को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यदि कोई राष्ट्र या रास्ता या विचार लोगों की जीवन शैली को बेहतर बनाता है तो उसे स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी व्यक्ति का चेहरा देखकर उसपर कार्रवाई ना करें। उसका अपराध देखकर उसपर कार्रवाई करें। धर्म या जाति के आधार पर किसी के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया जाना चाहिए।

उद्योगपतियों को दी जाएगी सुविधा और सुरक्षा
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार एनजीटी के आदेश को ध्यान में रखते हुए अवैध बूचड़खानों पर कार्रवाई कर रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में निवेश और व्यापार के लिए एक सुरक्षित माहौल तैयार करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। वर्तमान सरकार से पहले प्रदेश में एक भय का माहौल था। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगपतियों को हर तरह की सुविधा और सुरक्षा देगी। यूपी में उद्योग और निवेश बढ़ने से प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिलेगा और उन्हें नौकरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। ये भी पढ़ें- 'भूत बंगले' में रहेंगे योगी आदित्यनाथ के ये मंत्री, बंगले से जुड़े हैं कई अपशकुन












Click it and Unblock the Notifications