लखीमपुर की घटना पर सीएम योगी ने जताया दुख, कहा- आरोपियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में रविवार को किसान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद का विरोध कर रहे थे। आरोप है कि लखीमपुर खीरी के सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के पुत्र आशीष उर्फ मोनू मिश्रा ने अपनी कार किसानों पर चढ़ा दी, जिसके बाद जमकर बवाल हुआ। जिसमें अब तक 8 लोगों के मौत की खबर है। इस घटना पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने भी दुख प्रकट किया और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक सीएम योगी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण माना है। ऐसे में सरकार घटना के कारणों के तह तक जाएगी, साथ ही इसमें शामिल अराजग तत्वों को बेनकाब कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी। मौके पर शासन द्वारा अपर मुख्य सचिव नियुक्ति, कार्मिक, कृषि और एडीजी कानून व्यवस्था, आयुक्त लखनऊ को भेजा गया है। वो वहां पर हालात को नियंत्रित कर कारणों की जांच कर रहे हैं।
सरकार ने आगे कहा कि घटना में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की जाती है कि वो अपने घरों में रहें और किसी के भी बहकावे में ना आएं। साथ ही मौके पर शांति व्यवस्था कायम करने में अपना योगदान दें। अंत में कहा गया कि किसी प्रकार के निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मौके पर हो रही जांच और कार्रवाई का इंतजार करें।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने दी सफाई
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए अजय मिश्र ने कहा कि जहां पर ये घटना हुई है, वहां पर मेरा बेटा मौजूद नहीं था। इस बात के सबूत वीडियो के तौर पर मेरे पास हैं। घटना के बाद प्रदर्शनकारियों में से कुछ लोगों ने 3 बीजेपी नेता और 1 ड्राइवर को मार-मारकर मौत के घाट उतार दिया।












Click it and Unblock the Notifications