UP Budget 2025: यूपी विधानसभा में गरजे योगी, सपा पर साधा निशाना – ‘आपका बयान आपके नेता जैसा’
UP Budget 2025: उत्तर प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर जोरदार हमला बोला। सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की आर्थिक संभावनाओं को खत्म कर दिया।
उन्होंने कहा कि यूपी को वन ट्रिलियन इकॉनमी बनाने की क्षमता थी, लेकिन सपा सरकार की नीतियों ने इसे कमजोर किया। मुख्यमंत्री योगी विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सपा की सदस्य डॉ. रागिनी के सवाल का जवाब दे रहे थे। डॉ. रागिनी ने पूछा कि उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन इकॉनमी बनाने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है और इसमें कौन-कौन से विभाग योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने आरबीआई की रिपोर्ट का हवाला देते हुए मध्यम वर्ग की आय बढ़ाने को लेकर भी सरकार की नीति पर सवाल उठाया। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आपका बयान आपके नेता जैसा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता जिस तरह से कहते हैं कि भारत विकसित देश नहीं बन सकता, वैसे ही उनके विधायक भी यूपी की आर्थिक प्रगति को लेकर नकारात्मक सोच रखते हैं।
2029 तक यूपी बनेगा वन ट्रिलियन इकॉनमी
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश 2029 तक हर हाल में वन ट्रिलियन इकॉनमी का लक्ष्य हासिल कर लेगा। इसके लिए सरकार ने सभी विभागों को 10 सेक्टरों में विभाजित कर जिम्मेदारियां सौंपी हैं। हर 15 दिन में अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी इसकी समीक्षा कर रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वे खुद हर तीन महीने में प्रगति की समीक्षा करते हैं। सीएम डैशबोर्ड के जरिए अधिकारियों की परफॉर्मेंस का आंकलन किया जाता है। उन्होंने बताया कि बीते आठ वर्षों में यूपी की अर्थव्यवस्था को 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 27.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया है।
तेजी से बढ़ रही यूपी की अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बताया कि यूपी की अर्थव्यवस्था देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे तेज़ी से आगे बढ़ रही है। प्रदेश में अब तक छह करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाने में सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार और उद्योग के लिए निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। सरकार नई नीतियों के तहत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित कर रही है, जिससे युवाओं को अधिक अवसर मिलेंगे।
महाकुंभ से मिलेगा आर्थिक बूस्ट
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रयागराज में आयोजित होने वाला महाकुंभ 2025 यूपी की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने कहा कि इस भव्य आयोजन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में करीब तीन लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार युवा उद्यमियों को ब्याज मुक्त ऋण देने की योजना चला रही है, जिसके तहत अब तक 96 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। इससे प्रदेश में स्टार्टअप और लघु उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
बैंकों में सबसे ज्यादा लेन-देन करने वाला राज्य बना यूपी
मुख्यमंत्री ने आरबीआई की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश ने बैंकों से सबसे ज्यादा लेन-देन किया है। कैश डिपॉजिट रेश्यो, जो पहले 40% था, उसे भाजपा सरकार ने बढ़ाकर 60% कर दिया है। इससे साबित होता है कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति पहले से काफी मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का सीधा लाभ प्रदेश के छोटे व्यापारियों, किसानों और उद्यमियों को मिल रहा है। यूपी आज निवेशकों के लिए पसंदीदा राज्य बन चुका है।
सीएम योगी का सपा पर तंज - 'अपनी ही थाली में छेद करने की आदत'
विधानसभा में चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा नेताओं की मानसिकता नकारात्मक है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश आगे बढ़ रहा है, तब भी कुछ लोग इसके विकास पर सवाल उठाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं, जिनका असर आने वाले वर्षों में और स्पष्ट दिखेगा। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चला रही है, जिससे प्रदेश को एक समृद्ध और विकसित राज्य बनाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications