'कोई भी त्याग करने के लिए तैयार हैं'....भतीजे अखिलेश यादव की सपा में विलय के लिए 'उतावले' हुए चाचा शिवपाल
बलरामपुर, 10 नवंबर: उत्तर प्रदेश में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल यादव लगभग बिना शर्त समाजवादी पार्टी में विलय का संकेत दे रहे हैं। लेकिन, लगता है कि जितने वे उतावले हैं, उतना उन्हें भतीजे अखिलेश यादव की ओर से अभी तक भाव नहीं मिल पा रहा है। शिवपाल यादव काफी समय से सपा के साथ गठबंधन की बात कर रहे थे, लेकिन अब उन्होंने विलय का प्रस्ताव रख दिया है और वह भी लगभग बिना शर्त। इसके साथ ही शिवपाल ने भाजपा के खिलाफ भी जोरदार हमले करने शुरू कर दिए हैं और लखीमपुर खीरी मामले में हुए ताजे खुलासे के बाद केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्तगी की मांग कर दी है।

सपा में विलय को 'उतावले' हुए शिवपाल
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने लगता है कि समाजवादी पार्टी में विलय का आधार तैयार कर लिया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उन्होंने बुधवार को साफ कहा है कि वह अपनी पार्टी का सपा में विलय के लिए तैयार हैं, सिर्फ अखिलेश यादव को उनकी पार्टी के जीतने वाले उम्मीदवारों को यूपी विधानसभा चुनावों में टिकट देना होगा। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ भी जमकर बोलना शुरू कर दिया है, जो प्रदेश में सपा की सबसे बड़ी चुनौती है। पिछले कुछ समय से शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी में विलय या गठबंधन की बातें जोर-शोर से उठाई हैं। मंगलवार को भी उन्होंने बाराबंकी में कहा था कि अखिलेश यादव को बिना देर किए गठबंधन या विलय पर जल्द फैसला लेना चाहिए।
Recommended Video

...तो बिना शर्त विलय को तैयार-शिवपाल
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के मुखिया ने अपनी पार्टी के सामाजिक परिवर्तन यात्रा के दौरान बलरामपुर में बुधवार को कहा कि 'हम बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने के लिए कोई भी बलिदान करने के लिए तैयार हैं। अगर अखिलेश यादव हमारे जीतने वाले उम्मीदवारों को टिकट देते हैं, तो हम किसी भी त्याग के लिए तैयार हैं, जिसमें सपा के साथ बिना शर्त विलय करना भी शामिल है।' इसके साथ ही उन्होंने जिस तरह से भाजपा के खिलाफ हमला बोला है, उससे लगता है कि अब शिवपाल 'घर वापसी' का मन पूरी तरह से बना चुके हैं।

22 नवंबर को शिवपाल को मिल सकती है अच्छी खबर
दरअसल, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल यादव पिछले कुछ समय से भतीचे अखिलेश यादव के साथ सारे सियासी गिले-शिकवे को भुलाकर साथ आने की कोशिशों में लगे हुए हैं, लेकिन अभी तक सपा नेतृत्व की तरफ से उन्हें कोई भी स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया है। वैसे सियासी गलियारों में चर्चा है कि 22 नवंबर को मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन है और उसी दिन वह चाचा-भतीजे को अपना आशीर्वाद देकर सारे मतभेद दूर होने का ऐलान कर सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी की मांग
इस बीच शिवपाल यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार को लखीमपुर खीरी कांड पर घेरने की कोशिश की है और दावा किया है कि फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट से पता चलता है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा ने गोली चलाई थी। इसलिए, उन्होंने अजय मिश्रा को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है। यही नहीं उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी ने वादे पूरे नहीं किए हैं और मौजूदा शाषण काल में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर पहुंच गया है। गौरतलब है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आशीष मिश्रा की बंदूक से गोली चली थी।












Click it and Unblock the Notifications