बुलंदशहर: नेशनल हाईवे-91 पर अज्ञात वाहन ने 8 कांवड़ियों को रौंदा, दो की मौत
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दिल्ली-अलीगढ़ नेशनल हाईवे-91 पर अज्ञात वाहन ने 8 कावड़ियों को रौंद दिया। हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कांवड़ियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, एसएसपी, एसपी सिटी मौके पर पहुंच गए।

हादसा खुर्जा देहात कोतवाली क्षेत्र में हुआ है। बताया जाता है कि सभी कांवड़िए हरिद्वार से जल लेकर वापस मध्यप्रेदश के गांव सलेमपुर जिला मुरैना जा रहे थे। शुक्रवार की सुबह खुर्जा देहात क्षेत्र के दिल्ली-अलीगढ़ नेशनल हाईवे-91 पर अज्ञात वाहन ने आधा दर्जन कांवरियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो कावड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई़, जबकि चार कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो कांवड़ियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गंभीर हालत में 6 कांवड़ियों को इलाज के लिए बुलंदशहर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम, एसएसपी, एसपी और एसपी देहात मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घायलों को हाल जाना और वाहन चालक को पकड़ने के निर्देश पुलिस को दिए।
सीएम ने की मुआवजे की घोषण
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर के खुर्जा में हुई दुर्घटना में कांवड़ यात्रियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में मारे गए कांवड़ियों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications