यूपी: बैग में कटा हुआ शव लेकर घूम रहे थे दो दोस्त, ऐसे हुआ खुलासा
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में अपने दोस्त के शव को सूटकेस में लेकर घूम रहे दो दोस्तों को वृंदावन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों दोस्त नोएडा से हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए वृंदावन लेकर आए थे। सूटकेस पर खून के दाग लगे होने पर शक के चलते इन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

वृंदावन में ठिकाने लगाने आए थे शव
मामला वृंदावन थाना क्षेत्र के रमणरेती पुलिस चौकी का है। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे इस्कॉन मंदिर के पीछे एमवीटी गेस्ट हाउस की गली में दो युवक ई-रिक्शे में एक बड़ा सूटकेस लेकर जा रहे थे। इस पर खून लगा देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के सिपाही अंकित और वीरभान ने दोनों युवकों को रोक लिया और तलाशी देने को कहा। इस पर दोनों युवक घबरा गए। सूटकेस खोलते ही कटी लाश देख पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। दोनों युवकों ने हत्या करना कबूल कर लिया। युवकों ने अपने नाम विकास और पौरुष निवासी रावली गाजियाबाद बताए हैं। मृतक का नाम 23 वर्षीय दीपांशु निवासी सिहानी, गाजियाबाद बताया।

झगड़े के बाद की हत्या
दीपांशु रिश्ते में विकास के मामा का बेटा था। विकास ने बताया कि तीनों नोएडा एक्सटेंशन के गौर सिटी स्थित एक फ्लैट में रहते हैं। शनिवार रात करीब नौ बजे दीपांशु शराब के नशे में फ्लैट पर पहुंचा और हंगामा करने लगा। पौरुष ने दीपांशु को समझाकर रात 11 बजे सुला दिया। पौरुष ने बताया कि दूसरे दिन यानी रविवार की सुबह वह नियमित समय पर दफ्तर निकल गया और रात को जब लौटा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। शराब के नशे में दीपांशु हंगामा कर रहा था। इसी दौरान दीपांशु ने चाकू से विकास पर प्रहार करना शुरू कर दिया।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
दोनों ने जान बचाने के लिए उसे संभालने की कोशिश की। इसी जद्दोजहद में दीपांशु की गला दबने से मौत हो गई। दोनों लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और शव के टुकड़े कर सूटकेस में रखकर सोमवार की सुबह कैव से वृंदावन के लिए निकल आए। यहां लाश को ठिकाने लगाने के लिए अंधेरा होने का इंतजार ही कर रहे थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा है।












Click it and Unblock the Notifications