UP News: प्रियंका गांधी के वाराणसी से चुनाव न लड़ने की असली वजह आई सामने, अजय राय बोले- हम खुद यही चाहते थे
Varanasi Lok Sabha Election 2024: रायबरेली में मंगलवार को कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने यह कहा था कि वाराणसी से यदि मेरी बहन (प्रियंका गांधी) चुनाव लड़ जाती तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो-तीन लाख वोटो से हार जाते।
राहुल गांधी द्वारा बयान दिए जाने के बाद वाराणसी में भी राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई। वाराणसी में चाय की अड़ी से लेकर चट्टी चौराहा तक यह चर्चा होने लगी कि क्या वाकई प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ने वाली थीं?

वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने के बयान के बाद वाराणसी के लोगों द्वारा यह भी आकलन लगाया जा रहा है कि क्या प्रियंका गांधी की उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रधानमंत्री चुनाव हार सकते थे।
इस बात को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के समर्थकों में बहस जारी है। ऐसे में एक सवाल यह भी है कि यदि प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ना चाहती थीं तो आखिर उन्होंने वाराणसी से चुनाव क्यों नहीं लड़ा?
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी के चुनाव न लड़ने की वजह बताने के साथ ही अपनी भी इच्छाओं को बुधवार को मीडिया के सामने जाहिर किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह खुद चाहते थे कि प्रियंका गांधी इस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ें।
दो-तीन लाख वोटो से हार जाते पीएम मोदी
अजय राय ने कहा कि यह सच है कि यदि प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ी होतीं तो इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 से 3 लाख वोटो से चुनाव हार गए होते। अजय राय ने यह भी कहा कि वह खुद इस बात से सहमत थे।
लेकिन चुनाव न लड़ने के वजह को स्पष्ट करते हुए अजय राय ने कहा कि पार्टी देशभर में प्रियंका गांधी को चुनाव प्रचार में जाना पड़ सकता था और अति व्यस्तता के चलते वाराणसी में प्रियंका गांधी समय न दे पातीं। यही कारण है कि इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया।
यह भी बता दें कि वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कांग्रेस ने अजय राय को चुनाव मैदान में उतारा था। इस बार प्रदेश में इंडिया गठबंधन का माहौल काफी अच्छा था ऐसे में वाराणसी में अजय राय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच कड़ी टक्कर भी देखने को मिली थी।
हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से तीसरी बार चुनाव जीत गए लेकिन वोटो का अंतर काफी कम हो गया। ऐसे में वाराणसी लोकसभा सीट को लेकर अभी भी चर्चाएं चल रही हैं। मंगलवार को राहुल गांधी ने रायबरेली में अयोध्या में भाजपा के हार का उदाहरण देते हुए कहा था कि वाराणसी से यदि उनकी बहन चुनाव लड़ जाती तो प्रधानमंत्री भी चुनाव हार जाते।












Click it and Unblock the Notifications