मुख्तार अंसारी की मौत पर आया तेजस्वी यादव का रिएक्शन, कांग्रेस नेता ने यूपी सरकार पर खड़े किए सवाल
जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की बांदा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई है। डॉक्टरों के मुताबिक मुख्तार अंसारी की मौत कार्डियेक अटैक से हुई है। माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी की मौत पर आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
तेजस्वी यादव ने एक्स पर पोस्ट लिखकर मुख्तार अंसारी की मौत पर दुख जताया है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्तार अंसारी की मौत पर आशंका भी जताई है।

तेजस्वी यादव ने लिखा कि यूपी से पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के इंतकाल का दुःखद समाचार मिला। परवरदिगार से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
तेजस्वी ने आगे लिखा कि कुछ दिन पूर्व उन्होंने शिकायत की थी कि उन्हें जेल में जहर दिया गया है फिर भी गंभीरता से नहीं लिया गया। प्रथम दृष्टया ये न्यायोचित और मानवीय नहीं लगता। संवैधानिक संस्थाओं को ऐसे विचित्र मामलों व घटनाओं पर स्वत: संज्ञान लेना चाहिए।
कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने भी मुख्तार अंसारी की मौत पर सवाल खड़े किए है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इससे पहले मुन्ना बजरंगी को ठोक दिया गया था। तमाम आरोपी अस्पताल जाते वक्त हत्यारे अपराधियों को खुले आम मार कर चले जाते हैं। कोई अपराधी कचहरी में कत्ल कर देता है, क्या यही उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था है! इस तरीके से शासन प्रशासन चलेगा? इस तरीके से जेलें चलेंगी?
राजपूत ने कहा कि मुख्तार अंसारी ने कुछ दिन पहले आरोप लगाया था कि उन्हें धीमा जहर दिया जा रहा है और आज प्रशासन बता रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है... इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। हाईकोर्ट के सीटिंग जग के सुपरविजन में जांच हो ताकि पता चले लोगों को कि जेलों में क्या हो रहा है और उत्तर प्रदेश के शासन में किस तरीके का जंगलराज चल रहा है। देश कानून से चलना चाहिए, सजा देने का काम अदालत का है।












Click it and Unblock the Notifications