स्टेज पर 'जय श्री राम' विवाद पर महिला टीचर ने दी सफाई, Video जारी कर कहा- "सनातनी ब्राह्मण हूँ और .."
गाजियाबाद के एबीईएस कॉलेज में एक छात्र द्वारा स्टेज पर लगाए गए 'जय श्री राम' के नारे के बाद, टीचर द्वारा उसे स्टेज से नीचे उतारने के मामले में एक नया वीडियो सामने आया है। यह वीडियो उसी टीचर का है, जिसने वायरल वीडियो में छात्र को स्टेज से नीचे उतारा था। वीडियो में टीचर ने अपना पक्ष रखा है और लोगों से वीडियो गलत तरीके से शेयर न करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने जातिगत टिप्पड़ीं करने वालों पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है।
क्या है पूरा मामला
सबसे पहले आपको बताते हैं कि आखिर यह मामला है क्या? दरअसल, सोशल मीडिया पर बीते शुक्रवार गाजियाबाद के थाना रिपब्लिक क्रॉसिंग अंतर्गत एबीईएस कॉलेज का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक छात्र स्टेज पर जय श्री राम का नारा लगाता नजर आ रहा है। लेकिन वीडियो में छात्र जैसे ही जय श्री राम बोलता है, तभी उसे एक टीचर डांटते हुए 'शटअप' बोलती हैं और स्टेज से नीचे उतरने को कहती हैं।
वहीं वीडियो वायरल होने के बाद देखते ही देखते सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया। जिसके बाद मामले में महिला शिक्षिका के खिलाफ कॉलेज प्रशासन ने सख्त एक्शन लेते हुए उसे सस्पेंड कर दिया। यहां तक की ABES कॉलेज के डायरेक्टर संजय कुमार सिंह ने वीडियो जारी कर के बताया कि सम्बंधित फैकल्टी मेंबर को कॉलेज से सस्पेंड कर दिया गया है।

टीचर ने दी सफाई, कहा- 'मै पूरी तरह सनातनी'
उधर, इस मामले में अब महिला टीचर ने भी अपना एक वीडियो जारी कर के सफाई दी है। बताते चलें कि वीडियो में जो महिला टीचर छात्र को डांट रही हैं, उनका नाम 'ममता गौतम' है और वह ABES कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। अपना पक्ष रखते हुए उन्होंने कहा है कि "उस वीडियो को लेकर जैसा समझा जा रहा है, वैसा कुछ भी नहीं है... हमें और हमारे कॉलेज को 'जय श्री राम' के नारे से कोई दिक्कत नहीं है।"
ममता गौतम ने आगे अपने वीडियो में कहा, "वो स्टूडेंट उनके सहयोगी टीचर से बहुत ज्यादा बहस कर रहा था, जिसके चलते छात्र को डांट कर स्टेज से नीचे उतरने को कहा गया था।" टीचर के अनुसार, वो वहां की 'डिसिप्लिन कोऑर्डिनेटर' भी हैं, इसलिए उनका काम है इवेंट में अनुशासन को बरकरार रखना। उनके अनुसार वो स्टूडेंट टीचर से बहस कर के वहां के अनुशासन को बिगाड़ रहा था।
इसके बाद ममता गौतम ने अपने बारे में बताते हुए कहा कि "मैं सनातनी ब्राह्मण हूँ, मेरा जन्म ब्राह्मण कुल में ही हुआ है, मैं ब्रज की रहने वाली हूँ। मेरे यहां नवरात्रों में पूरे नौ दिन व्रत रखें जाते हैं। मुझे और मेरे परिवार को जय श्री राम से न कभी दिक्कत हुई न कभी हो सकती है। मैं पूरी तरह सनातनी हूँ।"
इसके आगे ममता गौतम ने चेतावनी देते हुए यह भी कहा, "वीडियो वायरल होने के बाद जो मेरे खिलाफ जातिगत टिप्पड़ियां की जा रही हैं, मैं उनसे बहुत ज्यादा परेशान हूँ, मुझे बहुत कष्ट हो रहा है।" फर उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि "अगर किसी ने मेरे खिलाफ जातिगत टिप्पड़ीं की तो मैं सम्बंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करुँगी।"

तीसरे वीडियो में बदले हैं सुर
हालाँकि, एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विवाद के बाद टीचर स्टेज पर साफ-साफ कह रही हैं कि "जय श्री राम के नारे क्यों लगाए जा रहे हैं, इसका कोई लॉजिक नहीं हैं... आपने इतने प्रीमियम कॉलेज में एडमिशन लिया है तो क्यों बेकार की बातें कर रहे हैं।" इसी वीडियो में छात्र भी हैरानी से कहते सुनाई दे रहे हैं कि 'जय श्री राम' को बेकार की बात कह दिया।"
पुलिस का क्या है कहना?
वहीं पुलिस ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि "प्रकरण में पुलिस के द्वारा भी जांच की जा रही है, साथ ही कॉलेज फैकल्टी द्वारा भी जांच कमेटी बनाई गई है। फैक्ट आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।" पुलिस ने यह भी कहा कि "किसी भी स्टूडेंट के खिलाफ कोई भी कार्यवाही न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications