दिन में धूप, रात में ठंड, सुबह कोहरा, बड़ी संख्या में लोग पड़ रहे बीमार, डॉक्टर बता रहे बचने के ये उपाय
सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है और अब मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। इस समय सर्दी, जुकाम, गले में खराश, खांसी, बुखार, निमोनिया, पेट दर्द आदि विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोग अस्पतालों में पहुंच रहे हैं।
डॉक्टर का कहना है कि सर्वाधिक मरीज सर्दी जुकाम के साथ ही बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। इसके अलावा जिनका पहले से पेट की बीमारी है उनको भी समस्याएं हो रही हैं। उत्तर प्रदेश के अस्पतालों के बाहर ओपीडी में लंबी कतार लग रही है।

यही हाल वाराणसी का भी है वाराणसी के पंडित दीनदयाल अस्पताल और मंडलीय चिकित्सालय में भी सर्दी जुकाम और बुखार के सर्वाधिक मरीज आ रहे हैं। दोनों अस्पतालों में ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतार लग रही है। संभावित आंकड़ों की माने तो प्रतिदिन 2000 से 2200 मरीज उपचार करने के लिए पहुंच रहे हैं।
एक सप्ताह में ठीक हो रहा सर्दी जुकाम
इस बीच, डॉक्टरों का यह भी कहना है कि सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए राहत की बात यह है कि वे दवा और सावधानी बरतकर एक सप्ताह में ही ठीक हो जा रहे हैं। अगर वे लापरवाही करते हैं, तो उन्हें ठीक होने में अधिक समय लग रहा है।
इसी तरह वाराणसी जनपद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी मौसम जनित रोगों से बीमार होने वाले लोगों की संख्या काफी अधिक है। सीएचसी और पीएचसी में भी ऐसे रोगियों की लंबी कतार लग रही है। इस बारे में डॉक्टरों द्वारा मरीजों को सलाह भी दिया जा रहा है।
बचने के लिए करें ये उपाय
मंडलीय अस्पताल के फिजीशियन डॉक्टर शशि भूषण उपाध्याय कहते हैं कि बदलते मौसम में मरीजों को गुनगुना पानी पीने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा गर्म पानी से नहाएं और ताजा खाना खाएं। फ्रिज में अगर खाना रखा है तो उसका इस्तेमाल न करें और रात में एसी और कूलर बंद करके सोएं।
आईएमडी की ओर से जारी आंकड़ें और मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो वाराणसी समेत पूर्वांचल का मौसम अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहेगा। दिन में धूप निकलेगी और शाम होते ही ठंड का अहसास होने लगेगा और रात भर ठंड के बाद सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में कोहरा भी देखने को मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications