अखिलेश को चुना गया सपा विधायक दल का नेता, शिवपाल बोले- 2 दिन इंतजार करता रहा, लेकिन मुझे नहीं बुलाया
लखनऊ, 26 मार्च: समाजवादी पार्टी की लखनऊ में बैठक हुई। इस बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को विधायक दल का नेता चुना गया। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि सपा विधानमंडल दल की बैठक में सर्व सम्मति से अखिलेश यादव को विधानमंडल दल का नेता चुना गया, लेकिन इस मीटिंग में अखिलेश के चाचा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव मौजूद नहीं रहे। उन्होंने बैठक को लेकर बताया कि उनको बुलाया नहीं गया है, जिसके बाद एक बार फिर से शिवपाल यादव की नाराजगी सामने आई।

अखिलेश को चुना गया सपा विधायक दल का नेता
दरअसल, शनिवार को राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की पहली बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सपा विधायक अवधेश प्रसाद ने विधायक दल नेता चुने जाने का प्रस्ताव रखा, जिसमें सर्व सम्मति से अखिलेश यादव को विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल यादव को मीटिंग में नहीं बुलाया है। बैठक में नहीं बुलाए जाने को लेकर मीडिया से बात करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि मैं दो दिन तक इंतजार करता रहा, लेकिन मुझे नहीं बुलाया गया।
सपा में फिर खटपट! शिवपाल का बयान
न्यूज एजेंसी एएनआई को शिवपाल यादव ने बताया, 'मुझे पार्टी की बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया था। मैंने 2 दिनों तक इंतजार किया और इस बैठक के लिए अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए, लेकिन मुझे आमंत्रित नहीं किया गया। मैं समाजवादी पार्टी से विधायक हूं, लेकिन फिर भी आमंत्रित नहीं किया।' शिवपाल यादव के इस बयान के बाद एक बार फिर से चाचा और भतीजे के रिश्तों में खटपट का अंदाजा लगाया जा सकता है। जो रिश्ते हाल ही में चुनाव से पहले सुधरे थे, उनमें फिर से तकरार नजर आ रही है।
Recommended Video
आपको बता दें कि पिछले दिनों आजमगढ़ के सांसद पद से अखिलेश यादव ने इस्तीफा दे दिया था, अब विपक्ष की भूमिका को अखिलेश यादव विधानसभा में मजबूत करेंगे। गौरतलब है कि इस बार यूपी चुनावों में सपा ने पहले से बेहतर प्रदर्शन करते हुए बीजेपी को कड़ी टक्कर दी थी। पार्टी ने 403 सीटों में से 125 सीटों पर जीत दर्ज की है।












Click it and Unblock the Notifications