सपा नेता ने वोट देते हुए खींची फोटो, सोशल मीडिया पर डाली
समाजवादी पार्टी के एक स्थानीय नेता ने फेसबुक पर ईवीएम मशीन में कांग्रेस के चुनाव चिन्ह हाथ के सामने का बटन दबाते हुये एक फोटो साझा कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में बुधवार को विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिये 40 सीटों पर मतदान हो रहा है। मतदान के दौरान वाराणसी में एक सपा नेता ने आदर्श आचार संहिता की धज्जियां उड़ाई।

यह मामला वाराणसी कैन्ट विधानसभा क्षेत्र का है। जहां अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र में वोट डालने आये सपा नेता व समाजवादी युवजन सभा के उपाध्यक्ष आशुतोष सिन्हा ने वोट डालते हुए अपनी फोटो सोशल मीडिया पर साझा की है जिसमें वो ईवीएम मशीन में कांग्रेस के चुनाव चिन्ह हाथ के सामने वाला बटन दबा रहे हैं।

दोपहर बाद जब वोट डालने वालों की भीड़ आने लगी उसी वक्त सपा नेता आशुतोष सिन्हा भी वोट डालने अपने मतदान केंद्र गये। मतदान केन्द्र पर आशुतोष ने वोट डालने की पूरी प्रक्रिया की तस्वीरें अपनी मोबाइल से ले ली जिसमें ईवीएम मशीन में बटन दबाते हुए भी फोटो है। इस फोटो को आशुतोष सिन्हा ने फेसबुक पर साझा कर दिया।

अब सवाल ये भी उठ रहा है कि बूथ के अंदर मोबाइल से फोटो खींचने से आशुतोष को मतदानकर्मियों ने रोका क्यों नहीं?












Click it and Unblock the Notifications