UP Election : मतदान के एक दिन पहले SP ने दिया AAP को जोरदार झटका, चरथावल सीट पर बड़ा उलटफेर
उत्तर प्रदेश में मतदान से ठीक एक दिन पहले समाजवादी पार्टी ने आम आदमी पार्टी ने जोरदार झटका दिया है।
मुज़फ्फरनगर, 9 फरवरी 2022। उत्तर प्रदेश में मतदान से ठीक एक दिन पहले समाजवादी पार्टी ने आम आदमी पार्टी ने जोरदार झटका दिया है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार यावर रोशन मतदान के एक दिन पहले समाजवादी पार्टी के खेमे में चले गए हैं। उन्होंने सपा उम्मीदवार पंकज मलिक को समर्थन दे दिया है। वीडियो में साफ़ तौर पर देखा जा सकता है कि समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार पंकज मलिक और आम आदमी के प्रत्याशी यावर रोशन एक साथ हैं और सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव को मज़बूत करने की बात कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो समाजवादी पार्टी यावर रोशन को प्रदेश सचिव का पद दे सकती है।

SP में शामिल हुए यावर रोशन
मुज़फ़्फ़र नगर के चरथावल विधानसभा से आम आदमी पार्टी ने युवा नेता यावर रोशन को टिकट दिया था लेकिन उन्होंने मतदान से एक दिन पहले ही समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। आपको बता दें कि यावर रोशन आम आदमी पार्टी से टिकट मिलने के एक दिन पहले तक पहले आरएलडी के नेता थे। ग़ौरतलब है कि इस बार उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और आरएलडी गठबंधन के साथ चुनावी रण में उतरी है। हाल ही में वन इंडिया हिंदी को दिए एक इंटरव्यू में यावर रोशन ने अपने सियासी सफ़र की शुरुआत पर चर्चा की साथ ही उन्होंने औवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लेमीन(एआईएमआईएम) पर गंभीर आरोप भी लगाए।
Recommended Video

यावर रोशन ने किया AAP से किनारा
यूपी के सियासी जानकारों की मानें तो मतदान के एक दिन पहले आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी का समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन देने से यूपी में आम आदमी पार्टी के सियासी समीकरण बिगड़ सकते हैं। क्योंकि चरथावल विधानसभा सीट से यावर रोशन की जीत तय मानी जा रही थी। ऐसे में अचानक उन्होंने आम आदमी पार्टी से दूरी बना ली। इससे आप के शीर्ष नेतृत्व पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। आखिर क्या वजह रही कि एक कद्दावर उम्मीदवार ने चुनाव से ठीक पहले पार्टी को अलविदा कह दिया। चुनाव के मद्देनज़र यावर के इस क़दम से यूपी के अन्य विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी को सियासी नुकसान हो सकता है।

2009 में हुई सियासी सफ़र की शुरुआत
यावर रोशन ने बताया कि उन्होंने 2009 में राजनीति में क़दम रखा था। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के साथ अपनी सियासी सफ़र की शुरूआत की लेकिन कांग्रेस में उन्हें सम्मान की कमी दिखी इस वजह से उन्होंने कांग्रेस को अलविदा बोल दिया। उसके बाद उन्होंने आरएलडी का दामन थामा और पुरज़ोर मेहनत करते हुए पार्टी की सियासी ज़मीन मज़बूत करने में जुट गए। इस दौरान उन्हें चुनावी मैदान में उतरने का कोई खयाल नहीं था। इस बार भी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वह दांव आज़माने के मूड में नहीं थे। हालांकि उन्हें दो तीन राजनीतिक दलों से चुनावी रण में उतरने के लिए ऑफ़र आ रहे थे।

AAP को हो सकता है नुकसान
यावर रोशन ने बताया कि उन्हें एआईएमआईएम की तरफ़ से टिकट देने की बात कही गई थी कि आप पार्टी में शामिल हो जाएं, आपको टिकट के साथ पैसे भी दिए जाएंगे लेकिन किसी वजह से उन्होंने एआईएमआईएम का दामन नहीं थामा। यावर रोशन ने बताया कि उनके एक करीबी को एआईएमआईएम ने टिकट देने की एवज़ में 10 लाख रुपये की मांग की थी। इसके सबूत भी वह पेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पैसे देकर सियासत नहीं करना है। अगर एआईएमआईएम की तरफ़ से बिना किसी शर्त के टिकट दी भी जाती तो वह उस पार्टी से चुनाव नहीं लड़ते। बहरहाल यावर रोशन के समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन देने की वजह से आम आदमी पार्टी को काफ़ी तगड़ा झटका लगा है।
ये भी पढ़ें : UP : कर्ज में डूबे व्यापारी ने FB LIVE करके जहर खाया, पत्नी की मौत, प्रियंका गांधी ने किया ट्वीट












Click it and Unblock the Notifications