अखिलेश यादव बोले-द कश्मीर फाइल्स बनी है तो लखीमपुर फाइल्स भी बननी चाहिए
लखनऊ, 16 मार्च: 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म को लेकर शुरू हुआ सियासी विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि अगर कश्मीर पर फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' बन सकती है तो 'लखीमपुर फाइल्स' भी बन सकती हैं। बता दें कि, पीएम मोदी और उनकी कैबिनेट इस फिल्म को जमकर प्रमोट कर रहे हैं। वहीं बीजेपी शासित कई राज्यों में ये मूवी टैक्स फ्री हो चुकी है।

उन्होंने राज्य में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव पर भी टिप्पणी की। अखिलेश यादव ने कहा कि मतदाताओं के समर्थन से पार्टी के वोट प्रतिशत और सीटों की संख्या में वृद्धि हुई है।यह दिखाता है कि हमारी नैतिक जीत हुई है, आने वाले समय में भाजपा घटेगी। बुनियादी मुद्दे आज भी भारतीय जनता पार्टी के सामने खड़े हैं, सपा बढ़ी है और भाजपा घटी है। अखिलेश ने कहा कि, ऐसा परिणाम किसी ने नहीं सोचा था, कई लोगों ने जहर खा लिया, कई लोग शर्त हार गए, लेकिन इस परिणाम ने समाजवादियों को नैतिक जीत दिलाई है, भविष्य में सदन में जो भी कार्यवाही होगी उसमें समाजवादियों की भूमिका दिखाई देगी।
वहीं दूसरी ओर इस फिल्म की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बहुत लंबे समय से देश से सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है और लोगों के सामने सच्चाई को सामने लाने के लिए 'द कश्मीर फाइल्स' जैसी फिल्में बनाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री के भाषण का वीडियो बीजेपी और पार्टी के कई नेताओं ने ट्विटर पर शेयर किया। पिछले हफ्ते रिलीज हुई 'द कश्मीर फाइल्स' में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती और पल्लवी जोशी हैं। फिल्म विनोद अग्निहोत्री द्वारा लिखी गई है और ज़ी स्टूडियो द्वारा निर्मित है।












Click it and Unblock the Notifications