'पापा बचा लो, ये मुझे मार डालेंगे', आखिरी कॉल और स्नेहा की ससुराल में दर्दनाक मौत! 3 साल की लव मैरिज का End
Muzaffarnagar Sneha Death Case: 'पापा मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे...' ये आखिरी शब्द थे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी 20 वर्षीय स्नेहा के। 27 जून की रात पिता को फोन करने के कुछ देर बाद ससुराल में ही उसकी मौत हो गई। जिस लड़की ने परिवार के विरोध के बावजूद अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताने का फैसला किया था, उसकी जिंदगी का अंत तीन साल में हो गया।
पुलिस ने पति आकाश खटीक को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी ससुराल वाले फरार। लव मैरिज का खौफनाक अंत सभी के रोंगटे खड़े करने वाला साबित हुआ। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे क्या हुआ...

पिता से लगाई थी मदद की गुहार
यह मामला मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना कस्बे का है। 27 जून की रात स्नेहा ने अपने पिता दीपक कुमार को फोन किया। बातचीत के दौरान वह बेहद डरी हुई थी और रोते हुए मदद मांग रही थी। पिता के अनुसार, उसने कहा कि ससुराल वाले उसे मार डालेंगे और तुरंत आने की गुहार लगाई।
पिता उस समय काम के सिलसिले में बाहर थे। उन्होंने बेटी को समझाया कि अगर, खतरा महसूस हो रहा है तो वह अपनी मां के पास चली जाए। लेकिन यह पिता-बेटी की आखिरी बातचीत साबित हुई। कुछ देर बाद सूचना मिली कि स्नेहा की मौत हो गई।
प्रेम विवाह से शुरू हुई थी कहानी

20 साल की स्नेहा का पड़ोस में रहने वाले आकाश खटीक (24) से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन शुरुआत में दोनों परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। बताया गया कि वर्ष 2024 में दोनों घर छोड़कर चले गए। लगभग एक महीने तक घर से दूर रहने के बाद दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए और सामाजिक रूप से विवाह करा दिया गया। शादी के बाद स्नेहा का मायका दिल्ली शिफ्ट हो गया, जबकि आकाश बुढ़ाना में ही एक वाटर पार्क में मैनेजर के रूप में काम करने लगा।
'दहेज नहीं मिला, इसलिए ताने शुरू हो गए'

स्नेहा के पिता का आरोप है कि प्रेम विवाह के कारण दहेज नहीं मिला, जिससे ससुराल वाले नाराज रहने लगे। धीरे-धीरे यह नाराजगी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना में बदल गई। पिता के मुताबिक, बेटी अक्सर फोन पर बताती थी कि उसे ताने दिए जाते हैं कि उसके पिता ने शादी में कुछ नहीं दिया। आरोप है कि बाद में 20 लाख रुपये और एक कार की मांग की जाने लगी। परिजनों का कहना है कि स्नेहा के साथ आए दिन मारपीट होती थी और छोटी-छोटी बातों पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
'रोटी कम बनी थी', इस बात पर भी हुई थी मारपीट
पिता ने पुलिस को बताया कि स्नेहा ने कुछ दिन पहले फोन पर कहा था कि घर में रोटी कम बनने की बात को लेकर भी उसके साथ मारपीट की गई। परिवार का आरोप है कि यह प्रताड़ना लगातार बढ़ती गई और आखिरकार उसकी जान चली गई।
आखिरी कॉल ने बढ़ा दिए कई सवाल
घटना के बाद पिता और बेटी के बीच हुई फोन बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है। परिजनों का दावा है कि ऑडियो में स्नेहा लगातार रोते हुए कह रही है कि पापा मुझे बचा लो... ये लोग मुझे मार डालेंगे। पिता उसे शांत रहने और मां के पास जाने की सलाह देते हैं, क्योंकि वह तत्काल वहां नहीं पहुंच सकते थे। यही बातचीत अब जांच का अहम हिस्सा मानी जा रही है। हालांकि ऑडियो की स्वतंत्र फॉरेंसिक पुष्टि और उसकी प्रामाणिकता की जांच पुलिस के स्तर पर होना बाकी है।
अस्पताल का वीडियो भी आया सामने
घटना के बाद अस्पताल का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में परिवार का भतीजा स्नेहा को गोद में उठाकर अस्पताल के अंदर ले जाता दिखाई देता है। हालांकि, यह वीडियो केवल अस्पताल पहुंचने की स्थिति दिखाता है और इससे मौत के कारण या घटनाक्रम की पुष्टि नहीं होती। इसकी जांच भी पुलिस कर रही है।
पिता ने किन लोगों पर लगाए आरोप?
स्नेहा के पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने पति आकाश, उसकी मां, बड़े भाई रजत और चाचा प्रमोद धनगर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सभी लोग मिलकर स्नेहा को प्रताड़ित करते थे। पिता का कहना है कि उन्हें केवल न्याय चाहिए ताकि भविष्य में किसी और बेटी के साथ ऐसा न हो।
पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की?
पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर पति और अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 29 जून को पति आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग (फांसी लगना) बताया गया है। हालांकि यह रिपोर्ट केवल मौत के तत्काल कारण की जानकारी देती है। यह अपने आप यह तय नहीं करती कि मामला खुदकुशी का है या किसी अन्य परिस्थिति का।













Click it and Unblock the Notifications