Shubhanshu Shukla: बांहे फैलाकर गर्मजोशी से हुआ लखनऊ के लाल का स्वागत, बोले शुभांशु- बहुत खुश हूं
Shubhanshu Shukla: 25 अगस्त 2025 - अंतरिक्ष से धरती पर लौटने के बाद भारतीय अंतरिक्ष यात्री और वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सोमवार, 25 अगस्त को अपने गृह नगर लखनऊ पहुँचे। एयरपोर्ट से लेकर सड़कों तक उनका स्वागत देखने लायक था।
छोटे छोटे स्कूली बच्चे, समर्थक और बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा और बैनर लिए नारे लगाते नजर आए। सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर शुभांशु शुक्ला का स्वागत करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक स्वयं एयरपोर्ट पर मौजूद रहे और उन्होंने उन्हें गले लगाकर स्वागत किया। इस दौरान सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) के बच्चों ने भी तालियों और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
बृजेश पाठक ने कहा - "आज लखनऊ के लिए बहुत बड़ा दिन है। भारत का बेटा, लखनऊ का बेटा, आज अपने शहर आया है। जिस पल का शहरवासी इंतजार कर रहे थे, वह क्षण आ गया है। हम शुभांशु शुक्ला का पूरे दिल से स्वागत करते हैं।"
Shubhanshu Shukla का सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में हुआ सम्मान
एयरपोर्ट से शुभांशु शुक्ला का विजय जुलूस कार रैली के रूप में निकला, जो गोमती नगर विस्तार कैंपस से जी-20 चौराहे तक गया। सड़कों पर खड़े लोगों ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।
शुभांशु शुक्ला के सम्मान में उनके विद्यालय सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शुभकामनाएँ देते हुए कहा - "आपकी उपलब्धि साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। आज हर भारतीय और विशेषकर उत्तर प्रदेशवासी गर्व महसूस कर रहे हैं।"
शुभांशु शुक्ला ने 26 जून 2025 को नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर (फ्लोरिडा, अमेरिका) से Axiom Mission-4 (Ax-4) के तहत ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से उड़ान भरी थी। वे लगभग 20 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर रहे और इतिहास रचते हुए ISS पर कदम रखने वाले पहले भारतीय बने।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया सम्मानित
रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुभांशु शुक्ला सहित ग्रुप कैप्टन पी.वी. नायर, ग्रुप कैप्टन अजीत कृष्णन और ग्रुप कैप्टन अंगद प्रताप का सम्मान किया। शुभांशु शुक्ला ने इस मौके पर कहा - "यह मिशन हमारे देश के लिए बड़ी उपलब्धि है और सही समय पर हुआ है। अब भारत मानवीय अंतरिक्ष उड़ान 'गगनयान', भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन और चांद पर उतरने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।"
शुभांशु शुक्ला की इस उपलब्धि ने पूरे देश में गर्व की भावना जगा दी है। उनके लखनऊ आगमन ने यह संदेश दिया कि भारत का हर युवा मेहनत और लगन से अंतरिक्ष की नई ऊँचाइयों तक पहुँच सकता है।












Click it and Unblock the Notifications